सुमन चौहान, करनाल। इथेनॉल की बढ़ती मांग के चलते मक्के की फसल इन दिनों किसानों के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो रही है। करनाल जिले की मंडियों में इन दिनों मक्के की बंपर आवक देखने को मिल रही है। पिछले वर्षों की तुलना में इस साल मंडियों में लगभग 60 प्रतिशत अधिक मक्का पहुंच रहा है। अचानक बढ़ी इस आवक से किसानों की आय में भी काफी इजाफा हुआ है और वे पारंपरिक खेती से हटकर इस तरफ तेजी से आकर्षित हो रहे हैं।

मंडियों में रिकॉर्ड तोड़ पहुंच रहा मक्का

अधिकारियों के अनुसार मक्के की यह बढ़ती मांग सरकार की उन नीतियों का नतीजा है, जिनके तहत मोटे अनाजों को बढ़ावा दिया जा रहा है। करनाल की न्यू अजान मंडी में पिछले साल की तुलना में इस बार मक्के की आवक में भारी उछाल दर्ज किया गया है। पिछले साल जहां मंडियों में करीब 3 लाख क्विंटल मक्का आ रहा था, वहीं इस साल यह आंकड़ा बढ़कर 5 लाख से भी अधिक पहुंच गया है। अधिकारियों का अनुमान है कि यह सीजन खत्म होने तक यह संख्या पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुनी तक हो सकती है।

किसानों को मिल रहे हैं बेहतरीन दाम

मक्के की इस बंपर मांग और बिकाई से किसानों के साथ-साथ सरकार और मार्केट कमेटी को भी बड़ा फायदा हो रहा है। मंडियों में फसल की आवक बढ़ने से मार्केट कमेटी की फीस में भी अच्छी खासी वृद्धि हुई है। वर्तमान में किसानों को उनकी फसल के एवज में 1500 रुपये से लेकर 2000 रुपये तक के अच्छे दाम मिल रहे हैं। बेहतर मुनाफा मिलने के कारण किसान बहुत खुश नजर आ रहे हैं। कृषि अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसल को पूरी तरह सूखाकर ही मंडियों में लाएं ताकि उन्हें सही और पूरा दाम मिल सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m