करनाल, 26 सितंबर। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने एचएसवीपी, एनएचएआई, मार्केट कमेटी, एचएसआईआईडीसी और वन विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधीन आने वाले क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की गई और अधिकारियों को नियमित सफाई, निगरानी तथा एन्फोर्समेंट सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि अब केवल बैठकों और निर्देशों तक बात सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि सफाई व्यवस्था में सुधार धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि लापरवाही मिलने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सफाई में लापरवाही पर लगेगा जुर्माना
सलोनी शर्मा ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का अभियान नहीं है। शहर में रोजाना नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जिन एजेंसियों या ठेकेदारों द्वारा निर्धारित कार्य में लापरवाही बरती जा रही है, उनके खिलाफ कार्रवाई के साथ भारी जुर्माना भी लगाया जाए।
उन्होंने कहा कि पर्याप्त संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद यदि सफाई कार्य में लापरवाही सामने आती है तो उसे किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बार-बार बैठक नहीं, अब काम दिखना चाहिए
निगमायुक्त ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ पहले भी कई बैठकें हो चुकी हैं। इसलिए अब बार-बार एक ही विषय पर निर्देश देने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण, मॉनिटरिंग और एन्फोर्समेंट बढ़ाएं, ताकि गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई हो और सफाई व्यवस्था लगातार बनी रहे।
एचएसवीपी को सफाई के बाद एक्शन टेकन रिपोर्ट देने के निर्देश
एचएसवीपी के प्रतिनिधि अधिकारी को निर्देश देते हुए निगमायुक्त ने कहा कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद संबंधित क्षेत्रों में अपेक्षित सुधार नजर नहीं आ रहा है। उन्होंने तत्काल सफाई करवाकर एक्शन टेकन रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही अधीनस्थ कर्मचारियों और सफाई सुपरवाइजरों की जिम्मेदारी तय करने तथा नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एनएचएआई क्षेत्र में बढ़ेगी निगरानी
एनएचएआई के प्रतिनिधि अधिकारी को करनाल सीमा में आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। हाईवे पर नियमित सफाई के साथ निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट यानी सीएंडडी वेस्ट मिलने पर उसका समयबद्ध तरीके से उठान सुनिश्चित करने को कहा गया।
निगमायुक्त ने कहा कि हाईवे शहर का प्रमुख प्रवेश मार्ग है, इसलिए यहां सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
अनाज और सब्जी मंडी में रोजाना सफाई के निर्देश
मार्केट कमेटी के सचिव को अनाज मंडी और सब्जी मंडी में प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर लगने वाली साप्ताहिक मंडियों के समाप्त होने के अगले दिन सुबह सफाई करवाना अनिवार्य किया गया है।
मार्केट कमेटी सचिव ने बताया कि अनाज मंडी, सब्जी मंडी और साप्ताहिक मंडी स्थलों की सफाई के लिए अलग-अलग टेंडर किए गए हैं। सोमवार तक सभी संबंधित एजेंसियों को काम आवंटित कर दिया जाएगा।
मंडी वेंडर्स के लिए होगी विशेष वर्कशॉप
निगमायुक्त ने मंडी सचिव को वेंडर्स के लिए विशेष वर्कशॉप आयोजित करने के निर्देश दिए। इसमें उन्हें कचरा प्रबंधन, कचरे के उचित निस्तारण और मंडी क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर नगर निगम की ओर से भी सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा।
औद्योगिक क्षेत्र में भी रोजाना सफाई जरूरी
एचएसआईआईडीसी के प्रतिनिधि अधिकारी को औद्योगिक क्षेत्र में प्रतिदिन सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कचरा जमा होने वाले स्थानों की पहचान कर उनका समयबद्ध समाधान करने और सफाई व्यवस्था की नियमित समीक्षा करने को कहा गया।
गंदगी फैलाने वालों के चालान के निर्देश
वन विभाग के ब्लॉक वन अधिकारी को संबंधित क्षेत्रों में एन्फोर्समेंट गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों की पहचान कर नियमानुसार चालान करने तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने को कहा गया।
निगमायुक्त ने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करने की अपील करते हुए कहा कि केवल सफाई करवाना ही पर्याप्त नहीं है। कचरे का समय पर उठान, नियमित मॉनिटरिंग और गंदगी फैलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई भी जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों की अनुपालना अब धरातल पर दिखाई देनी चाहिए।
बैठक में अतिरिक्त निगम आयुक्त अशोक कुमार, स्वच्छता अधिकारी महावीर सोढ़ी, मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेंद्र चोपड़ा सहित सभी जोन प्रभारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
- पुलिस बेबस, छात्र बेकाबू! पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ शिक्षा निदेशालय में घुसे TGT अभ्यर्थी, भारी बवाल
- Hyundai Bayon vs Maruti Victoris : 10 लाख के बजट में कौन सी SUV है ज्यादा दमदार? जानें कीमत, फीचर्स और माइलेज
- पटना में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन स्थगित, MLC चुनाव की मतगणना के कारण बदला प्लान, खड़गे के विवादित बयान पर घमासान
- दिल्ली: हिमांशु भाऊ गैंग का शूटर गिरफ्तार, दो देसी पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद
- अति भीषण चक्रवात ‘अर्नब’ का खतरा: ओडिशा और पड़ोसी राज्यों में भारी तबाही की चेतावनी, IMD ने जारी किया अलर्ट

