कर्ण कॉमर्शियल सेंटर (मुगल कैनाल) फेज-2 के व्यापक विकास के लिए करनाल नगर निगम ने ₹7.18 करोड़ का बजट जारी किया है। निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कार्यों की समीक्षा की।
सुमन चौहान,करनाल। नगर निगम द्वारा शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्र कर्ण कॉमर्शियल सेंटर (मुगल कैनाल) फेज-2 के व्यापक विकास का कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत आधुनिक सड़क निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, सुंदर फुटपाथ, सुदृढ़ सीवरेज निकासी प्रणाली तथा पेयजल आपूर्ति नेटवर्क को पूरी तरह विकसित किया जाएगा। इन सभी जनहित के कार्यों पर लगभग 7 करोड़ 18 लाख रुपये की भारी राशि व्यय की जाएगी। यह जानकारी उपायुक्त एवं नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने देते हुए बताया कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा व्यापारिक गतिविधियों को और अधिक सुगम बनाना है।
सड़क और व्यवस्थित पार्किंग क्षेत्र
निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने बताया कि परियोजना के तहत पुरानी सब्जी मंडी पुलिया स्थित ए.एम.-पी.एम. स्टोर से सेक्टर-14 स्थित होंडा शोरूम तक लगभग 1100 मीटर लंबी बिटुमिन सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही सड़क के एक ओर इंटरलॉकिंग पेवर ब्लॉकों से सुव्यवस्थित पार्किंग क्षेत्र विकसित किया जाएगा तथा चेकर टाइलों से सुसज्जित फुटपाथ बनाए जाएंगे। इन सभी नागरिक कार्यों पर लगभग 6 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत आएगी। वर्तमान में पुराने मलबे को हटाने एवं गहरी खुदाई का कार्य प्रगति पर है, जिसके तुरंत बाद मिट्टी भराई कर सड़क, पार्किंग एवं फुटपाथ निर्माण का कार्य विधिवत शुरू किया जाएगा।

सीवरेज और मजबूत पेयजल नेटवर्क
उन्होंने बताया कि सीवरेज निकासी के स्थायी समाधान के लिए लगभग 1400 मीटर लंबी नई सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी, जिसमें पर्याप्त निकासी सुनिश्चित करने के लिए 10 इंच, 12 इंच तथा 2 फुट व्यास की पाइपलाइनें डाली जाएंगी। इस विशेष कार्य पर लगभग 58.72 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके बाद लगभग 1100 मीटर लंबी एवं 4 इंच व्यास की नई वाटर सप्लाई लाइन बिछाई जाएगी, जिस पर लगभग 19 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। विकास परियोजना के पूरा होने से करनाल के व्यापारियों, दुकानदारों, ग्राहकों एवं आम नागरिकों को सुगम यातायात, स्वच्छ वातावरण और बेहतर जलापूर्ति व्यवस्था सहित अनेक शानदार लाभ प्राप्त होंगे।

