करनाल, 22 सितंबर। खरीफ सीजन में धान खरीद को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जिला उपायुक्तों के साथ बैठक कर खरीद व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में खरीद से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं, ताकि किसानों को फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो।
वीसी के बाद एडीसी डॉ. राहुल रईया ने संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर जिले में धान खरीद की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि इस बार करनाल जिले में करीब 10 लाख मीट्रिक टन धान आने की संभावना है। इसे देखते हुए मंडियों में धान की समय पर खरीद के साथ खरीदी गई फसल का रोजाना उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मंडियों में जगह की कमी न हो।
एडीसी ने मंडियों से जुड़ी सड़कों को दुरुस्त करवाने और सरकार की ओर से जारी रेट लिस्ट को प्रमुख स्थानों पर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी खरीद एजेंसियां निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के अनुसार धान की खरीद करें और प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने मंडी सचिवों को मंडियों में पर्याप्त तिरपाल, पॉलिथीन कवर और बारदाना उपलब्ध रखने के साथ इलेक्ट्रिक झरना, पावर मशीन, इलेक्ट्रिक कांटा, सीसीटीवी कैमरे, बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय और पानी निकासी जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
किसानों की सुविधा के लिए धान खरीद से जुड़े नियमों और शर्तों की जानकारी देने वाले सूचना बोर्ड भी मंडियों में प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे। किसी मंडी में अतिरिक्त स्थान की जरूरत होने पर इसकी सूचना उपायुक्त कार्यालय को देने के निर्देश दिए गए हैं।
जे-फार्म और किसान एप से मिलेगी सुविधा
एडीसी ने बताया कि किसानों को इस बार जे-फार्म व्हाट्सऐप, किसान एप और मैन्युअल माध्यम से उपलब्ध करवाए जाएंगे। इससे किसानों को खरीद प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेज हासिल करने में सुविधा होगी।
दूसरे राज्यों से आने वाले धान पर निगरानी
धान खरीद सीजन के दौरान मंडियों के आसपास यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को भी निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि मंडियों के आसपास जाम की स्थिति न बने। वहीं, जिला सीमाओं पर आवश्यक नाके लगाकर दूसरे राज्यों से आने वाले धान की मंडियों में आवक पर प्रभावी निगरानी रखी जाए।
एडीसी ने कहा कि धान खरीद किसानों से सीधे जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। इसलिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से काम करें, ताकि खरीद सीजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
बैठक में एसीयूटी सोहम शैलेंद्र, डीएफएससी मुकेश कुमार, एफसीआई से सुबोध सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
- दिलेर खरकिया फायरिंग केस में जयजी से पूछताछ, फिर छोड़ा
- अंकिता-हसनैन लव जिहाद मामला: एमपी हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार से मांगा जवाब, स्पेशल मैरिज एक्ट को परिभाषित करने के निर्देश
- त्योहारों पर जगमगाएगा यूपी! नहीं होगी बिजली कटौती, सरकार ने तैयार किया ‘फुलप्रूफ प्लान’
- ड्राइविंग लाइसेंस वैध नहीं तो भी पहले देना होगा मुआवजा, हाईकोर्ट ने बीमा कंपनी को दिया ‘पे एंड रिकवर’ का आदेश
- MP में परिवहन सेवा का नया अध्याय: 25 सितंबर से शुरू होगी ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा’, सीएम डॉ. मोहन दिखाएंगे हरी झंडी



