करनाल, 26 सितंबर। हरियाणा स्वच्छ लीग प्रतियोगिता-2026 के तहत करनाल शहर को कचरा मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। नगर निगम द्वारा शहर में दिखाई देने वाले कचरा बिंदुओं को खत्म करने और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने खाली प्लॉट मालिकों को अपने प्लॉट कचरा मुक्त रखने और आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम आयुक्त ने कहा कि शहर के विभिन्न हिस्सों में बड़ी संख्या में खाली प्लॉट हैं। कई जगहों पर चारदीवारी या फेंसिंग नहीं होने के कारण लोग इन प्लॉटों में कचरा डाल देते हैं। इससे वहां कूड़े के ढेर लगने के साथ जलभराव की समस्या भी पैदा होती है। गंदगी और जमा पानी के कारण आसपास के इलाकों की स्वच्छता प्रभावित होती है और बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी रहती है। इस संबंध में नगर निगम को नागरिकों की ओर से शिकायतें भी मिलती रहती हैं।
एक सप्ताह में प्लॉट कचरा मुक्त करने के निर्देश
सलोनी शर्मा ने सभी खाली प्लॉट धारकों से कहा है कि वे एक सप्ताह के भीतर अपने प्लॉट की सफाई करवाकर उसे कचरा मुक्त करें। इसके साथ ही प्लॉट की चारदीवारी या फेंसिंग करवाना भी सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में कोई व्यक्ति वहां कचरा न डाल सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि खाली प्लॉट की स्वच्छता बनाए रखना संबंधित प्लॉट मालिक की जिम्मेदारी है। प्लॉट धारकों को अपने स्तर पर ऐसी व्यवस्था करनी होगी, जिससे उनकी संपत्ति कचरा डालने का स्थान न बने और वहां जलभराव की स्थिति भी पैदा न हो।
निरीक्षण में कचरा मिला तो होगी कार्रवाई
नगर निगम की टीमें खाली प्लॉटों का निरीक्षण करेंगी। यदि निरीक्षण के दौरान किसी प्लॉट में कूड़े-कर्कट का ढेर या जलभराव पाया गया तो संबंधित प्लॉट धारक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम द्वारा ऐसे प्लॉट की सफाई करवाने पर आने वाला हर्जा-खर्चा संबंधित संपत्ति की प्रॉपर्टी आईडी में जोड़ दिया जाएगा। इसके अलावा नियमों के तहत देय जुर्माना भी संबंधित प्लॉट मालिक से वसूला जाएगा।
बकाया राशि चुकाने के बाद ही मिलेगी NDC
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि यदि किसी खाली प्लॉट की सफाई पर हर्जा-खर्चा या जुर्माना निर्धारित किया जाता है, तो संबंधित प्लॉट धारक के लिए उसकी पूरी अदायगी करना जरूरी होगा। बकाया राशि का भुगतान होने के बाद ही नगर निगम की ओर से संबंधित संपत्ति का नो ड्यूज सर्टिफिकेट (NDC) जारी किया जाएगा।
नागरिकों से भी सहयोग की अपील
नगर निगम ने शहरवासियों से सड़कों, सार्वजनिक स्थानों और खाली प्लॉटों में कचरा नहीं डालने की अपील की है। यदि किसी खाली प्लॉट का इस्तेमाल कचरा डालने के लिए किया जा रहा है तो इसकी सूचना नगर निगम को देने को कहा गया है।
आयुक्त ने कहा कि हरियाणा स्वच्छ लीग प्रतियोगिता-2026 के तहत करनाल को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और सहयोग भी बेहद जरूरी है।
- पुलिस बेबस, छात्र बेकाबू! पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ शिक्षा निदेशालय में घुसे TGT अभ्यर्थी, भारी बवाल
- Hyundai Bayon vs Maruti Victoris : 10 लाख के बजट में कौन सी SUV है ज्यादा दमदार? जानें कीमत, फीचर्स और माइलेज
- पटना में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन स्थगित, MLC चुनाव की मतगणना के कारण बदला प्लान, खड़गे के विवादित बयान पर घमासान
- दिल्ली: हिमांशु भाऊ गैंग का शूटर गिरफ्तार, दो देसी पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद
- अति भीषण चक्रवात ‘अर्नब’ का खतरा: ओडिशा और पड़ोसी राज्यों में भारी तबाही की चेतावनी, IMD ने जारी किया अलर्ट

