करनाल: हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा में सोमवार दोपहर हाईवे की सर्विस रोड पर पंचकूला डिपो की हरियाणा रोडवेज बस और बाइक की सीधी टक्कर हो गई। इस हादसे में 18 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस दोनों को इलाज के लिए पास के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।
दोस्त की मौत की खबर से भड़का घायल, अस्पताल में हंगामा
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने 18 वर्षीय रोहित को मृत घोषित कर दिया। जैसे ही रोहित की मौत की खबर उसके घायल साथी कर्ण को मिली, उसने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। कर्ण ने डॉक्टरों की बात मानने से इनकार करते हुए कहा कि रोहित जिंदा है और वह उसे किसी दूसरे डॉक्टर को दिखाएगा।
स्ट्रेचर पर रखे शव को लेकर सड़क की तरफ भागा
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कर्ण ने स्ट्रेचर पर रखे रोहित के शव को खींचना शुरू कर दिया और उसे लेकर अस्पताल से बाहर निकल गया। इसके बाद वह शव को लेकर सड़क की ओर भागने लगा। अस्पताल परिसर और सड़क पर यह नजारा देख अफरा-तफरी मच गई।
राहगीरों ने रोककर शव को वापस अस्पताल पहुंचाया
सड़क पर मौजूद लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए भाग रहे कर्ण को बड़ी मुश्किल से पकड़ा और शांत कराया। इसके बाद स्थानीय निवासियों की मदद से रोहित के शव को स्ट्रेचर समेत वापस सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
कोहंड गांव से किसी काम से घरौंडा आए थे दोनों दोस्त
मृतक की पहचान कोहंड गांव निवासी रोहित (18) के रूप में हुई है। सोमवार को रोहित और उसका दोस्त कर्ण बाइक पर सवार होकर कोहंड गांव से किसी काम के सिलसिले में घरौंडा आए थे। इसी दौरान सर्विस रोड पर पंचकूला डिपो की बस से उनकी बाइक टकरा गई। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


