करनाल: हरियाणा के करनाल में सोमवार देर रात एक होटल के कमरे में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक के नाक से खून बह रहा था और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए। मृतक की मां ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को फोन करके होटल में बुलाया गया था और पत्नी के कहने पर चार युवकों ने उसके साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।

फोन करके होटल बुलाया गया था युवक

मृतक की मां के अनुसार, उनके बेटे के पास किसी का फोन आया था, जिसके बाद वह देर रात होटल पहुंचा था। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद चार युवकों ने पत्नी के उकसाने पर उससे मारपीट की। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पोस्टमॉर्टम हाउस के बाहर भारी हंगामा

मंगलवार सुबह कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के पोस्टमॉर्टम रूम के बाहर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। इस दौरान मृतक के परिवार और ससुराल पक्ष के लोगों के बीच जमकर कहासुनी और हंगामा हुआ। स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया।

परिजनों ने शव उठाने से किया इनकार

मृतक के परिजनों ने साफ कर दिया है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे और न ही पोस्टमॉर्टम के बाद शव को उठाएंगे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट कर दी जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m