कुरुक्षेत्र: हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित थानेसर अनाज मंडी में धान का गेट पास नहीं कटने से नाराज एक किसान का गुस्सा फूट पड़ा। बारवा गांव के किसान गुरचरण सिंह ने आक्रोशित होकर गेट पास काटने वाले कमरे पर ताला जड़ दिया और चाबी दूर फेंक दी। किसान ने जेब से माचिस निकालकर खुद को आग लगाने और मंडी में ही जान देने की चेतावनी दी, जिसके बाद मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

6 एकड़ की धान लेकर पहुंचा था किसान

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बारवा गांव निवासी किसान गुरचरण सिंह अपनी करीब 6 एकड़ खेत की धान की फसल बेचने के लिए सुबह-सुबह थानेसर अनाज मंडी पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि उन्होंने सरकार के नियमों के अनुसार अपनी फसल का पहले ही पंजीकरण करा लिया था। जब वह सुबह 7 बजे मंडी पहुंचे तो उन्हें 8 बजे सिस्टम चालू होने की बात कही गई, लेकिन बाद में कर्मचारियों ने पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन शो न होने की बात कहकर गेट पास काटने से मना कर दिया।

वेरिफिकेशन के नाम पर पटवारी के चक्कर का आरोप

कर्मचारियों द्वारा गेट पास देने से इनकार करने और वेरिफिकेशन के लिए पटवारी के पास भेजे जाने पर किसान गुरचरण सिंह का सब्र टूट गया। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसानों का यही काम रह गया है कि वे फसल लेकर दिनभर मंडी में खड़े रहें। किसान ने आरोप लगाया कि वेरिफिकेशन करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें परेशान किया जा रहा है।

जेब से निकाली माचिस, दी आत्मदाह की चेतावनी

गुस्साए किसान ने गेट पास काटने वाले कमरे में ताला बंद कर दिया और करीब एक घंटे तक कर्मचारियों को बाहर ही रखा। इस दौरान किसान ने अपनी जेब से माचिस निकाल ली और कहा कि अगर उनका गेट पास नहीं काटा गया तो वे यहीं ट्रैक्टर के पास खुद को आग लगा लेंगे। उन्होंने सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।

किसान यूनियन और अधिकारियों की समझाइश से खुला ताला

घटना की सूचना मिलते ही मार्केट कमेटी के अधिकारी और शहीद भगत सिंह किसान यूनियन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। किसान यूनियन के प्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गुरचरण सिंह को समझा-बुझाकर शांत कराया। अधिकारियों द्वारा तुरंत समस्या का समाधान कर गेट पास काटने का ठोस आश्वासन दिए जाने के बाद किसान ने कमरे का ताला खोला, जिसके बाद मंडी में स्थिति सामान्य हो सकी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m