पानीपत: हरियाणा के पानीपत शहर स्थित थाना सिटी क्षेत्र में एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है। एसडी कॉलेज रोड अमर भवन चौक पर स्थित एक सूने घर का ताला तोड़कर कूड़ा उठाने वाली 4 से 5 महिलाओं पर नकदी, जेवर और तिजोरी उठाकर ले जाने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
2 महीने से बंद पड़ा था मकान
थाना सिटी पुलिस को दी शिकायत में अमर भवन चौक निवासी डालचन्द ने बताया कि उनके परिवार में तीन भाई हैं और वे अलग-अलग स्थानों पर रहते हैं। इस मकान में उनकी बुजुर्ग मां रहती थीं। मां के बीमार होने के कारण डालचन्द पिछले करीब दो महीनों से उन्हें देखभाल के लिए अपने साथ किराए के मकान में ले गए थे, जिसके चलते यह घर बंद था।
सुबह 6 बजे वारदात, तिजोरी ही उठाकर ले गईं महिलाएं
पीड़ित के अनुसार, बीते 26 सितंबर 2026 की सुबह करीब 6:13 से 7:00 बजे के बीच कूड़ा उठाने वाली 4-5 महिलाएं बंद मकान का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुईं। आरोपियों ने घर के तीनों कमरों का सामान खंगाल डाला और अंदर रखी भारी तिजोरी ही उठाकर ले गईं। इस तिजोरी में बुजुर्ग मां की पेंशन के जोड़कर रखे गए करीब 1 लाख रुपये नकद और कुछ कीमती जेवर रखे हुए थे।
रसोई गैस सिलेंडर भी समेट कर फरार
अज्ञात महिलाओं ने न केवल नकदी और जेवर से भरी तिजोरी पर हाथ साफ किया, बल्कि रसोई में रखे दो गैस सिलेंडर समेत अन्य घरेलू सामान भी समेटकर फरार हो गईं। पीड़ित डालचन्द ने पुलिस प्रशासन से चोरी हुआ माल बरामद कराने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
सीसीटीवी फुटेज के सहारे तलाश में जुटी पुलिस
शिकायत मिलने के बाद थाना सिटी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी महिलाओं की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


