करनाल पुलिस की सीआईए-2 शाखा ने अवैध हथियारों के खिलाफ जारी अभियान के तहत एक देशी पिस्तौल .32 बोर के साथ आरोपी हर्ष दीप उर्फ बाटा को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी कुरुक्षेत्र का रहने वाला है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के 9 आपराधिक मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं।

सुमन चौहान करनाल। जिला पुलिस करनाल की अपराध अन्वेषण शाखा (सीआईए-2) की टीम ने अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को अवैध देशी पिस्तौल सहित गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक अवैध देशी पिस्तौल .32 बोर बरामद की गई है।

गुप्त सूचना पर दबिश

मामले में सीआईए-2 की टीम उप निरीक्षक कृष्ण चंद के नेतृत्व में गश्त एवं अपराध रोकथाम के उद्देश्य से विश्वकर्मा चौक, करनाल-कैथल रोड क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान टीम को एक विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि हर्ष दीप उर्फ बाटा (पुत्र रामचंद्र), निवासी गांव बीड़ अमीन, जिला कुरुक्षेत्र, गली नंबर-9, शिव कॉलोनी, राजबाह रोड स्थित सीवरेज वाटर प्लांट के पास अवैध हथियार लेकर किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपी को काबू कर लिया।

पिस्तौल बरामद, केस दर्ज

नियमानुसार तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्तौल .32 बोर बरामद हुई। जांच के दौरान पिस्तौल की बैरल खाली पाई गई। आरोपी से हथियार का लाइसेंस या कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहा गया, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। बरामद पिस्तौल को नियमानुसार कब्जे में लेकर सील किया गया तथा मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध थाना रामनगर, करनाल में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

पहले से 9 केस दर्ज

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध कुरुक्षेत्र एवं करनाल जिलों में हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट तथा आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न मामलों के कुल 9 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। टीम द्वारा आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।