राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध ने करनाल का दौरा कर केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला और संविधान, महंगाई व नीट परीक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर घेरा।
करनाल। सोमवार को जिले में राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, नीट परीक्षा विवाद, वोटर लिस्ट पुनरीक्षण और कानून व्यवस्था को लेकर सरकारी नीतियों की कड़ी आलोचना की। सांसद ने कहा कि वर्तमान सरकार मुख्य समस्याओं से जनता का ध्यान भटकाकर समाज को विभाजित करने का प्रयास कर रही है। आज देश के लोकतांत्रिक ढांचे को सुरक्षित रखने के लिए सभी नागरिकों और राजनीतिक दलों को अपनी दलीय सीमाओं से ऊपर उठकर एकजुट होने की सख्त जरूरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म और जाति के नाम पर जनता को आपस में लड़ाया जा रहा है।
महंगाई और बेरोजगारी पर तीखे सवाल
प्रधानमंत्री के वर्ष 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाने के विजन पर कटाक्ष करते हुए सांसद कर्मवीर बौद्ध ने कहा कि जनता अब धरातल पर बदलाव देखना चाहती है। पिछले 12 वर्षों के शासनकाल में आम आदमी को सिर्फ बढ़ती हुई महंगाई और बेरोजगारी ही मिली है। आज देश का युवा रोजगार के अवसरों के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है, जबकि सत्तासीन सरकार जमीनी हकीकत को सुधारने के बजाय भविष्य के हवाई सपने दिखाने में व्यस्त है। इसके साथ ही उन्होंने नीट परीक्षा विवाद और पेपर लीक की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे छात्रों और अभिभावकों को भारी मानसिक तनाव झेलना पड़ा है।
वोटर लिस्ट पुनरीक्षण पर आरोप
सांसद ने चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर भी भाजपा की नीयत पर गंभीर उंगली उठाई। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही सत्ताधारी दल को इस प्रक्रिया की याद आने लगती है और इसका राजनीतिक दुरुपयोग करने का प्रयास किया जाता है। आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी मतदाताओं के नाम काटने और अपने पक्ष के फर्जी वोट जोड़ने की कोशिशें होती हैं। हालांकि, हरियाणा में कांग्रेस की टीमें इस पूरी पुनरीक्षण प्रक्रिया पर बहुत पैनी नजर बनाए हुए हैं और किसी भी स्तर पर होने वाली गड़बड़ी का डटकर मुकाबला और विरोध किया जाएगा।
हरियाणा की कानून व्यवस्था बेहद खराब
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब दौरों पर निशाना साधते हुए कर्मवीर बौद्ध ने कहा कि मुख्यमंत्री को दूसरों के बजाय पहले अपने राज्य की कानून व्यवस्था और आंतरिक समस्याओं को ठीक करना चाहिए। राज्य में अपराध, शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी आज भी सबसे बड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं। पंजाब की राजनीति पर बात करते हुए उन्होंने दावा किया कि वहां कांग्रेस संगठन बेहद मजबूत स्थिति में है और वे खुद वहां लगातार बैठकें ले रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान के वायरल वीडियो पर उन्होंने बिना देखे टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, लेकिन कहा कि जनता सब समझती है।

