करनाल पुलिस की अपराध अन्वेषण शाखा (सीआईए-1) ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज चूरापोस्त बरामदगी मामले में दूसरे आरोपी दीपक बलाई को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी पहले ही पुलिस गिरफ्त में है।
सुमन चौहान करनाल। जिला पुलिस करनाल की अपराध अन्वेषण शाखा (सीआईए-1) की टीम ने सहायक उप निरीक्षक रोहित कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज 4 किलो 325 ग्राम चूरापोस्त बरामदगी के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक बलाई (पुत्र सिद्धनाथ बलाई) के रूप में हुई है, जो मकान नंबर-136, वार्ड नंबर पोस्ट ऑफिस सेमलखेड़ी, तहसील नलखेड़ा, जिला शाजापुर, मध्यप्रदेश का निवासी है।
पहले आरोपी का खुलासा
मामले के अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि इससे पूर्व इस मामले में आरोपी राजपाल सिंह (पुत्र जोगिंदर सिंह), निवासी गांव झांसरां, जिला रूपनगर (रोपड़), पंजाब को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 4 किलो 325 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ था, जिसके बाद उसे माननीय न्यायालय में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था।
रिमांड के दौरान गिरफ्तारी
पुलिस रिमांड के दौरान हुई गहन पूछताछ में आरोपी राजपाल सिंह ने खुलासा किया कि उसने यह नशीली खेप अपने साथी दीपक बलाई से आगे बेचने के उद्देश्य से खरीदी थी। इस महत्वपूर्ण जानकारी के आधार पर सीआईए-1 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक बलाई को गिरफ्तार कर लिया।
न्यायिक हिरासत में भेजा
गिरफ्तार आरोपी दीपक बलाई को आज माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जिला पुलिस करनाल द्वारा नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी या नशीले पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना ‘MANAS’ हेल्पलाइन 1933 अथवा डायल 112 पर देकर पुलिस का सहयोग करें।

