हरियाणा के करनाल में एक बार फिर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाकर बिना पैसे दिए फरार होने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि वारदात पुलिस कॉम्प्लेक्स के बिल्कुल नजदीक हुई, लेकिन आरोपियों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना सुबह करीब 4 बजे की है। एक वैगनआर कार में सवार दो युवक और एक महिला पेट्रोल पंप पर पहुंचे। तीनों ने पहले कुछ मिनट तक बातों में उलझाकर पेट्रोल भरवाया। करीब 3 से 4 मिनट तक नाटक करने के बाद उन्होंने अपनी गाड़ी में 3100 रुपये का पेट्रोल डलवाया और बिना भुगतान किए मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
पेट्रोल पंप मालिक का कहना है कि इस तरह की घटनाएं अब आम होती जा रही हैं। लोग पेट्रोल भरवाते हैं और पैसे दिए बिना फरार हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस कॉम्प्लेक्स पास होने के बावजूद अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं है और सरकार को ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।मालिक ने जब कार का नंबर चेक कराया तो पता चला कि गाड़ी पर करीब 1 लाख 24 हजार रुपये के ट्रैफिक चालान पहले से लंबित हैं। यह गाड़ी पंजाब नंबर की है और इसके अधिकतर चालान चंडीगढ़ में कटे हुए हैं। मालिक का दावा है कि कार में सवार तीनों लोग नशे के आदि लग रहे थे।

फिलहाल पेट्रोल पंप संचालक ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुट गई है। अब देखना होगा कि पुलिस इन शातिर आरोपियों तक कब तक पहुंच पाती है।
- सीजेपी प्रदर्शन में शामिल युवती से मारपीटः जमीन पर गिराकर पीटा, 4 आरोपियों की हुई पहचान, दिल्ली पुलिस लेगी एक्शन
- दिल्ली के बाद अब बिहार में आंदोलन की तैयारी, माले विधायक संदीप सौरभ का बड़ा बयान
- हाथियों का आतंक जारी: कोरबा में फसल किया बर्बाद, जशपुर में तोड़ी हॉस्टल की दीवार, लोगों में दहशत…
- ‘Maverick Jaspal’ में दर्ज होगा जसपाल राणा का सफर, सीएम धामी ने किया पुस्तक का विमोचन
- फसल मिसमैच डेटा में बड़ा उलटफेर! 23 जिलों को पछाड़कर पलवल बना नंबर-1, जानिए कैसे हासिल किया 100% लक्ष्य

