करनाल के अस्पताल से फरार हुए शातिर अपराधी गुरजीत को पुलिस ने अंबाला से दोबारा गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पेट्रोल पंप लूट सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं।
करनाल। पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 20 दिन पहले सिविल अस्पताल से फरार हुए शातिर बदमाश गुरजीत को अंबाला से धर दबोचा है। आरोपी मूल रूप से पंजाब के खरड़ का निवासी है और हरियाणा के विभिन्न जिलों में पेट्रोल पंप लूट तथा अन्य गंभीर आपराधिक वारदातों में वांछित चल रहा था। सीआईए-1 की टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई से पुलिस विभाग ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि उसके नेटवर्क और अन्य वारदातों से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाई जा सकें। 28-29 मई की रात अस्पताल के कैदी वार्ड से आरोपी की फरारी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए थे।
अंधेरे का फायदा उठाकर हुआ फरार
जांच में खुलासा हुआ कि फरारी वाली रात तूफान के कारण अस्पताल की बिजली करीब ढाई मिनट के लिए गुल हो गई थी। बीमारी और कमजोरी का नाटक करने वाला आरोपी बेडशीट ओढ़कर वार्ड से बाहर निकल आया। सीसीटीवी कैमरों में उसे बिना किसी सहारे के तेज कदमों से चलते हुए देखा गया, जो उसकी सोची-समझी साजिश को साबित करता था। गौरतलब है कि पुलिस कस्टडी से उसके फरार होने के मामले में सुरक्षा में तैनात चार पुलिसकर्मियों की लापरवाही भी सामने आई थी। बिजली वापस आने पर जब बेड खाली मिला, तो विभाग में हड़कंप मच गया और पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर उसकी तलाश तेज कर दी गई थी।
पेट्रोल पंप लूट की थी साजिश
आरोपी की आपराधिक कुंडली बेहद लंबी है, जिसमें 2 मई को तरावड़ी स्थित चौधरी पेट्रोल पंप पर लूट की नाकाम कोशिश सबसे प्रमुख है। आरोपी ने बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार होकर कर्मचारी पर पिस्टल तान दी थी, लेकिन वहां मौजूद कर्मियों ने साहस दिखाते हुए उसे विफल कर दिया। हालांकि, भागते समय आरोपी ने फायरिंग भी की थी। एफएसएल और पुलिस टीम ने मौके से सुराग जुटाकर तकनीकी जांच शुरू की थी। नहर किनारे हुई एक मुठभेड़ के बाद वह घायल हुआ और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से वह चकमा देकर भाग निकला था। अब दोबारा गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसके अन्य साथियों की धरपकड़ के लिए दबिश दे रही है।

