केंद्रीय मंत्रियों की बैठक के बाद करनाल रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण की कवायद तेज हो गई है। विधायक जगमोहन आनंद ने अधिकारियों को समय सीमा में कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।

सुमन चौहान,करनाल। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं के व्यापक विस्तार और इसे पूरी तरह आधुनिक रूप देने के लिए धरातल पर प्रयास काफी तेज हो गए हैं। बीते दिनों केंद्रीय ऊर्जा व शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के उपरांत आज स्थानीय विधायक जगमोहन आनंद ने भारतीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ करनाल रेलवे स्टेशन का सघन निरीक्षण किया। इस बेहद महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर आम यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को बेहतर एवं आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से नए लिफ्ट एवं एस्केलेटर स्थापना को लेकर विभिन्न संभावित स्थानों का बारीकी से अवलोकन किया गया।

यात्रियों को मिलेगा सुगम आवागमन

रेलवे अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि स्टेशन पर यात्रियों के सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए प्रस्तावित नए सबवे निर्माण तथा उससे जुड़ी अन्य जरूरी तकनीकी व्यवस्थाओं पर भी गंभीरता से चर्चा की गई है। विधायक ने मौके पर मौजूद सभी तकनीकी अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि इन सभी विकास कार्यों की रूपरेखा को जल्द से जल्द अंतिम रूप दिया जाए, ताकि निर्माण कार्य तय समय सीमा के भीतर धरातल पर शुरू हो सके। इसके पूरा होने से करनाल वासियों को एक बेहतरीन, आधुनिक व सर्वसुविधायुक्त रेलवे स्टेशन की एक बड़ी और शानदार सौगात मिल सकेगी।

विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव देने का लक्ष्य

विधायक जगमोहन आनंद ने साफ तौर पर कहा कि करनाल रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने तथा यात्रियों को विश्वस्तरीय यात्रा अनुभव उपलब्ध करवाने के लिए राज्य व केंद्र सरकार निरंतर प्रयासरत है। जनहित से जुड़े इन सभी महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा, ताकि स्थानीय जनता और बाहर से आने वाले यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इस निरीक्षण के दौरान रेलवे विभाग से एडीईएन अजीम बशीर, सीनियर सेक्शन इंजीनियर विजय सरोहा, स्टेशन अधीक्षक संजय सक्सेना, सीएमआई विनोद धीमान सहित अन्य सभी बड़े प्रशासनिक अधिकारी और तकनीकी स्टाफ मुख्य रूप से मौजूद रहे।