सुमन राजपूत ,करनाल। करनाल रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं में जल्द विस्तार हो सकता है। क्षेत्र के विधायक जगमोहन आनंद ने बताया कि रेलवे स्टेशन के विकास, महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव और आधुनिक सुविधाओं की मांग को लेकर केंद्र सरकार स्तर पर सकारात्मक पहल की गई है।
विधायक ने बताया कि करनाल की जनता की ओर से केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर को पत्र भेजकर रेलवे सुविधाओं के विस्तार और स्टेशन के समग्र विकास की मांग की गई थी। इसी संबंध में दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी की मौजूदगी में महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
यात्रियों की सुविधाओं पर विशेष जोर
जगमोहन आनंद ने बताया कि बैठक के दौरान करनाल रेलवे स्टेशन पर कई प्रमुख रेलगाड़ियों के ठहराव, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए लिफ्ट की व्यवस्था तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।

विकास की दिशा में अहम कदम
उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने करनाल के सांसद होने के नाते जनहित से जुड़े इन मुद्दों को गंभीरता से केंद्रीय रेल मंत्री के समक्ष रखा। इससे करनाल रेलवे स्टेशन को आधुनिक और सुविधासंपन्न बनाने की दिशा में नई संभावनाएं खुली हैं।
विधायक ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार की सकारात्मक पहल से आने वाले समय में करनाल के यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर रेल सेवाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही उन्होंने जनभावनाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने के लिए केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल का आभार भी व्यक्त किया।

