करनाल। हरियाणा के करनाल जिले में मुनक क्षेत्र स्थित सैयद चौक के पास बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार रिफाइनरी कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक रात को पानीपत रिफाइनरी से ड्यूटी खत्म कर अपनी बाइक से घर लौट रहा था, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
38 वर्षीय रूप सिंह के रूप में हुई मृतक की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 38 वर्षीय रूप सिंह के रूप में हुई है। वह पानीपत जिले के गांव गवालड़ा का रहने वाला था और उसके पिता का नाम रामफल है। रूप सिंह बुधवार रात पानीपत रिफाइनरी में अपनी शिफ्ट पूरी करने के बाद बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव गवालड़ा की ओर जा रहा था।
सैयद चौक के पास हुआ हादसा, मौके पर ही तोड़ा दम
जब रूप सिंह मुनक क्षेत्र के सैयद चौक के पास पहुंचा, उसी दौरान रिफाइनरी की दिशा से एक तेज रफ्तार ट्रक आया। ट्रक और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि रूप सिंह को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद लगा जाम, पुलिस ने बहाल कराया यातायात
दुर्घटना होते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान मौका पाकर ट्रक चालक वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो गया। हादसे के कारण सड़क पर वाहनों की रफ्तार थम गई और जाम की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात को व्यवस्थित कराया और जाम खुलवाया।
दस्तावेजों से हुई पहचान, फरार ड्राइवर की तलाश जारी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्च्युरी हाउस भिजवाया। मृतक की जेब में मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान संभव हो सकी, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। घरौंडा थाना के पीएसआई रवि ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार ट्रक ड्राइवर की पहचान करने में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

