Karnal Student Murder : हरियाणा के करनाल में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 10वीं कक्षा के एक छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई। छात्र बाइक पर सवार होकर प्रसाद लेने के लिए बाजार जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में घात लगाकर बैठे हमलावरों ने उसे अपना शिकार बनाया।
हमलावरों ने की ताबड़तोड़ कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, छात्र जब बाजार की ओर जा रहा था, तभी बाइक सवार 3 से 4 युवकों ने उसे बीच रास्ते में रोक लिया। हमलावरों ने छात्र पर अचानक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र को तुरंत पास के निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक छात्र अपने परिवार में दो बहनों का इकलौता भाई था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा
पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। शुरुआती पड़ताल में यह मामला स्कूल से जुड़े किसी पुराने विवाद का लग रहा है। स्थानीय चर्चा के मुताबिक, कुछ दिन पहले छात्र के गुट का दूसरे गुट से झगड़ा हुआ था। इस विवाद की मुख्य वजह एक लड़की का मामला बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अभी इस बारे में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि वे आरोपियों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

