आपसी सहमति और भाईचारे के साथ पूरी हुई चुनाव प्रक्रिया, पांच साल से सर्वसम्मति से चुना जा रहा प्रधान
करनाल। करनाल टैक्स बार एसोसिएशन में इस बार भी चुनाव की प्रक्रिया आपसी सहमति और भाईचारे के साथ पूरी हुई। एसोसिएशन में पिछले करीब पांच वर्षों से प्रधान का चुनाव सर्वसम्मति से होता आ रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी सभी अधिवक्ताओं ने आपसी सहमति से एडवोकेट शिव गुप्ता को टैक्स बार एसोसिएशन का प्रधान चुना।
प्रधान चुने जाने के बाद साथी अधिवक्ताओं ने शिव गुप्ता को बधाई दी और फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया। इस दौरान अधिवक्ताओं में खुशी का माहौल रहा।

नवनियुक्त प्रधान शिव गुप्ता ने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन के सभी सदस्यों को साथ लेकर काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने के साथ उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। एसोसिएशन की एकता और आपसी भाईचारे को बनाए रखते हुए सभी सदस्यों के हित में कार्य किया जाएगा।



