करनाल: हरियाणा के करनाल जिले में दुकानदार तेजबीर की हत्या के मामले में शुक्रवार को दो नए और खौफनाक वीडियो सामने आए हैं। 11 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे घटी इस वारदात के एक वीडियो में आरोपी उत्तम कुमार अपने मकान की पहली मंजिल पर गुस्से में लोहे की रॉड से दीवार पर वार करता और भागता दिख रहा है। वहीं दूसरे वीडियो में वह तेजबीर की हत्या के बाद उसकी डेडबॉडी को दुकान से बाहर सड़क पर घसीटकर लाता है और उस पर फिर से रॉड से हमला करता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी न होने तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है।
सड़क पर घसीटी डेडबॉडी, अस्पताल ले जाने के बजाय फोटो खींचते रहे लोग
दूसरे वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि आरोपी उत्तम कुमार हत्या के बाद शव को सड़क पर घसीटकर लाया और दोबारा रॉड से वार किया। इसके बाद उसने वहां से गुजर रहे एक कार सवार और रोकने की कोशिश कर रहे आसपास के लोगों पर भी हमला करने का प्रयास किया। घटना के दौरान काफी देर तक तेजबीर की डेडबॉडी दुकान के बाहर पड़ी रही, लेकिन हैरान करने वाली बात यह रही कि लोग उसे अस्पताल ले जाने के बजाय अपने फोन से तस्वीरें खींचते रहे।
परिजनों का अंतिम संस्कार से इनकार, भाई ने लगाए गंभीर आरोप
वारदात के विरोध में पीड़ित परिवार ने आरोपी की गिरफ्तारी होने तक तेजबीर का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया है। मामले को लेकर शुक्रवार को समाज के लोग मीटिंग भी कर सकते हैं। मृतक के भाई प्रदीप ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनकी चाय की दुकान के पास ही जयकिशन का ‘जेके वॉशिंग सेंटर’ है, जहां नेपाल मूल का उत्तम कुमार काम करता है। प्रदीप का आरोप है कि जब वे पानी भरने जाते थे, तो उत्तम कुमार उन्हें परेशान करने के लिए छत से उनके ऊपर पेशाब करता था। इसकी शिकायत कई बार जयकिशन से की गई थी।
शिकायत के बाद दी गई थी जान से मारने की धमकी
प्रदीप के मुताबिक, 2-3 दिन पहले शिकायत करने पर जयकिशन ने उन्हें ही गाली-गलौज करते हुए धमकी दी थी। आरोपी जयकिशन ने उत्तम कुमार के साथ मिलकर दोनों भाइयों को मौका मिलते ही जान से मारने की बात कही थी। उस वक्त उन्होंने इसे सामान्य धमकी समझा था। पिछले दो दिनों से आरोपी बार-बार उनकी दुकान के सामने से गुजर रहे थे, लेकिन वे उनकी कथित साजिश को समझ नहीं पाए।
दुकान में घुसकर लोहे की रॉड से हमला, भाई ने भागकर बचाई जान
11 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। उत्तम कुमार दुकान के अंदर घुसा और लोहे की रॉड से तेजबीर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। थोड़ी दूरी पर मौजूद भाई प्रदीप ने चीख सुनकर बचाने के लिए शोर मचाया, तो उत्तम कुमार लोहे का पाइप लेकर उसकी तरफ भी भागा। प्रदीप ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी ने दुकान में तोड़फोड़ की और तेजबीर को खींचकर सड़क पर लाकर दोबारा रॉड से हमला किया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



