Karnataka Vijayapura Massacre: कर्नाटक का विजयपुरा सामूहिक हत्याकांड से दहल उठा है। 25 एकड़ जमीन के लिए एक ही परिवार के 6 लोगों की हत्या कर दी गई। चडाचन पुलिस थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा गांव में जमीन विवाद में एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत 6 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। गांव में पुलिस बल को तैनात किया गया है।
पुलिस के मुताबिक वारदात शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे से 2:30 बजे के बीच हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 25 एकड़ जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। निराले परिवार ने हाल ही में नीवरगी के तेली परिवार से यह जमीन खरीदी थी। यह जमीन पिछले करीब 15 वर्षों से विवादों में घिरी हुई थी और तेली परिवार इस पर खेती नहीं कर पा रहा था।
बताया जा रहा है कि जब निराले परिवार के सदस्य खरीदी गई जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे, तभी उन पर हमला कर दिया गया। हमलावरों ने हंसिया और अन्य धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया। घटना इतनी भयावह थी कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान दुंडप्पा रेवनसिद्दप्पा निराले (65), शिवपुत्र रेवनसिद्दप्पा निराले (58), चंद्रकांत उर्फ चंदू रेवनसिद्दप्पा निराले (55), राहुल शिवपुत्र निराले (25), समर्थ शिवपुत्र निराले (23) और शब्बीर बाबूसाब अत्तर (45) के रूप में हुई है। वहीं, अरविंद कटागे (72) और जेसीबी ऑपरेटर संदीप माने (33) गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि विवाद का संबंध वर्ष 2015 के एक हत्या मामले से भी हो सकता है। उस समय शिवानंद पाटिल नामक युवक की हत्या हुई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। ॉ
पुलिस कर रही है मामले की जांच
पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण निंबर्गी ने बताया कि मौत के वास्तविक कारण और इस्तेमाल किए गए हथियारों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में कई टीमों को लगाया गया है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पीएम मोदी ने मेलोनी को Melody Toffee गिफ्ट दी, खुशी से झूम उठी इटली की प्रधानमंत्री
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

