36 साल के विस्थापन के बाद कश्मीरी पंडित परिवार अपनी पुश्तैनी जड़ों से दोबारा जुड़े। हरियाणा भाजपा ने इस भावनात्मक वापसी का एक मार्मिक वीडियो जारी किया है।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो साझा किया है, जिसमें 36 वर्षों बाद अपने गांव लौटे कश्मीरी पंडितों की भावनात्मक यात्रा को दिखाया गया है। वीडियो में वर्षों के विस्थापन के बाद अपने पुश्तैनी घरों, गलियों और यादों से दोबारा जुड़ने के क्षणों को प्रमुखता से दर्शाया गया है।

वीडियो के साथ साझा संदेश में कहा गया है कि “36 साल के लंबे समय के बाद जब कश्मीरी पंडित अपने गांव लौटे, तो वे केवल अपने घर नहीं लौटे, बल्कि अपनी पहचान, अपनी यादों और अपनी आत्मा से दोबारा मिले।” भाजपा ने इसे केवल वापसी नहीं, बल्कि एक नए इतिहास की शुरुआत बताया है।

वीडियो में उन भावनात्मक पलों को दिखाया गया है जब वर्षों बाद लोग अपने बचपन की गलियों, मंदिरों और पुश्तैनी मकानों को देखकर भावुक हो उठते हैं। भाजपा ने इसे कश्मीरी पंडित समुदाय के संघर्ष, धैर्य और उम्मीद का प्रतीक बताया है।

राजनीतिक तौर पर भी इस वीडियो को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा लंबे समय से कश्मीरी पंडितों के विस्थापन और सम्मानजनक पुनर्वास के मुद्दे को उठाती रही है। ऐसे में हरियाणा भाजपा द्वारा साझा किया गया यह वीडियो न केवल भावनात्मक संदेश देता है, बल्कि कश्मीर से जुड़े सामाजिक और राजनीतिक विमर्श को भी नई चर्चा में लाता है।