कटिहार। जिले के फलका थाना अंतर्गत छोहार पंचायत के मोहजान गांव में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 22 वर्षीय वीडियोग्राफर मनीष मंडल की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने बहियार इलाके में शव देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
सोशल मीडिया रील से शुरू हुई थी नजदीकियां
मृतक के पिता अर्जुन मंडल ने बताया कि मनीष सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाता था। इसी दौरान मोहजान गांव निवासी पप्पू पासवान की पत्नी काजल कुमारी के साथ उसका संपर्क हुआ। धीरे-धीरे यह पेशेवर जुड़ाव प्रेम-प्रसंग में बदल गया। पिता के अनुसार, पिछले तीन महीनों से दोनों के बीच संबंध थे, जिसकी जानकारी महिला के पति को भी थी।
पति ने दी थी गंभीर परिणाम की चेतावनी
मनीष के पिता का आरोप है कि महिला के पति पप्पू पासवान ने करीब दो महीने पहले उन्हें घर आकर चेतावनी दी थी कि वे अपने बेटे को समझा लें अन्यथा कोई अप्रिय घटना हो सकती है। विवाद इतना बढ़ गया था कि घटना के दो दिन पहले कुछ अज्ञात युवक मनीष के घर पहुंचे और उसे जान से मारने की सीधी धमकी दी थी। परिजनों का स्पष्ट आरोप है कि इसी विवाद के चलते सुनियोजित तरीके से मनीष की हत्या की गई है।
फॉरेंसिक जांच और पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोढ़ा के एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्यों को सुरक्षित करने के लिए कटिहार से एफएसएल (FSL) की विशेष टीम बुलाई गई। टीम ने घटनास्थल के पांच अलग-अलग बिंदुओं से बारीकी से नमूने लिए हैं। इसमें मृतक की गले की चेन, खून के नमूने, चप्पल और मोबाइल के ब्लूटूथ बड्स जैसी अहम चीजें जब्त की गई हैं।
एसडीपीओ सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। परिजनों के बयानों के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वे हर एंगल से जांच कर रहे हैं ताकि हत्या के वास्तविक कारणों तक पहुंचा जा सके। फिलहाल पूरा गांव इस घटना से स्तब्ध है और पुलिस प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने में जुटा है।

