सहरसा। जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनी पंचवटी चौक इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान खगड़िया के ठूठी मोहनपुर निवासी 35 वर्षीय सोनी कुमारी के रूप में हुई है। आरोपी पति सोनू शर्मा घटना के बाद से ही फरार है।
भाभी से अवैध संबंधों का था शक
मृतका की मां लीला देवी ने बताया कि सोनी की शादी 7 साल पहले प्लंबर सोनू शर्मा से हुई थी। शादी के तीन साल बाद सोनू दिल्ली गया जहां उसका अपनी चचेरी भाभी से अवैध संबंध बन गया। सोनी द्वारा विरोध करने पर आए दिन दोनों के बीच झगड़े होने लगे। अंततः सोनू ने सोनी को दिल्ली से भगा दिया, जिसके बाद सोनी अपने दो मासूम बच्चों, मोनू (6) और विवान (4) के साथ सहरसा में किराए के मकान में रहकर घरों में काम कर जीवन यापन कर रही थी।
4 साल के मासूम ने खोली पिता की पोल
घटना के तीन दिन पहले आरोपी पति सोनू सहरसा पहुंचा था। गुरुवार देर रात दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। मृतका के 4 वर्षीय बेटे विवान ने मासूमियत से बताया कि पापा ने मम्मी को पहले बेड से उठाकर कुर्सी पर बैठाया फिर खूब पीटा और अंत में गला घोंटकर मार डाला। आरोपी ने हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाने का भी प्रयास किया लेकिन शव जमीन पर मिला।
पुलिस जांच और एफएसएल की टीम
सूचना मिलते ही सहरसा सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) की टीम को भी साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है। सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद ही हत्या की मुख्य वजह प्रतीत होती है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। इस घटना ने दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया है, जिससे पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

