सुमन शर्मा, कटिहार। जिले में केंद्रीय एजेंसियों, राज्य की विशेष एजेंसियों और कटिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल एजेंसी ने कोढ़ा थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव से मोहम्मद अहद नामक युवक को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के अनुसार, वह सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर राणा हुसैन उर्फ राणा हुसैन और शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क के संपर्क में था।

आतंकी नेटवर्क से संपर्क का आरोप

जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार मोहम्मद अहद पर व्हाट्सएप, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर एवं कथित आतंकी नेटवर्क के प्रमुखों से संपर्क बनाए रखने का आरोप है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह भारत विरोधी गतिविधियों से जुड़े लोगों को एकजुट करने का काम कर रहा था।

गिरफ्तार युवक से पूछताछ जारी

केंद्रीय और राज्य की सुरक्षा एजेंसियों के साथ कटिहार पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर कोढ़ा थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव से उसे गिरफ्तार किया। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है। एजेंसियां उसके मोबाइल, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर नेटवर्क के अन्य संभावित सदस्यों का पता लगाने में जुटी हैं।

बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में था अहद

दरअसल पुलिस को यह गुप्त सूचना मिली थी कि मुसापुर गांव निवासी मोहम्मद अहद देश विरोधी एवं आतंकवादी गतिविधि में शामिल है, जिसे लेकर पुलिस अधीक्षक ने एक टीम गठित की और छापामारी करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार यह कोई बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में था। स्थानीय पुलिस आईबी, एटीएस और एसटीएफ ने मिलकर यह छापेमारी कर गिरफ्तार की है।

सदर एसडीपीओ-2 सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि, गिरफ्तार मोहम्मद अहद पाकिस्तान के हैंडलर के संपर्क में था और भारत में बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में था।

ये भी पढ़ें- बंटी यादव हत्याकांड में बड़ा एक्शन, 3 सहायक दरोगा समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड