अनूप दुबे, कटनी। कटनी जिले के वन विकास निगम कुंडम परियोजना अंतर्गत अमराडाँड़ गांव में शनिवार शाम एक 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद से ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। एक तरफ जहां स्थानीय स्तर पर हादसे को बकरी चराने के दौरान खाई में गिरने से हुई मौत बताया जा रहा है, वहीं परिजनों ने मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए वन विभाग के काम के दौरान हादसा होने का दावा किया है।

ये भी पढ़ें: कान्हा टाइगर रिजर्व में सांभर का शिकार: पोला पर्व की रात वन विभाग की बड़ी रेड, 3 शिकारी दबोचे!

‘घर में बकरियां ही नहीं… बेटा तो तार फेंसिंग के काम पर गया था’

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमराडाँड़ निवासी 15 वर्षीय कृष्ण (पिता कंछेदी) की संदिग्ध परिस्थितियों में जान चली गई। घटना के बाद अफवाह उड़ी कि बालक की मौत खाई में गिरने से हुई है, लेकिन मृतक की मां रीना बाई ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया। मां ने आरोप लगाते हुए कहा, “हमारे घर में बकरियां ही नहीं हैं। मेरा बेटा कुंडम परियोजना वन परिक्षेत्र में तार फेंसिंग के काम पर गया था।” परिजनों का आरोप है कि वन विभाग के फेंसिंग कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते यह हादसा हुआ है।

ये भी पढ़ें: अफसरों पर केस दर्ज करने से पहले सरकार की मंजूरी अनिवार्य, PHQ ने जारी किए निर्देश

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

घटना के बाद किशोर को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ड्यूटी पर तैनात डॉ. नीरज ने बताया कि बालक को मृत अवस्था में लाया गया था। शरीर पर चोट के निशानों और मौत की असली वजह का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल बड़वारा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर हर पहलू से मामले की जांच शुरू कर दी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m