प्रभाकर सिंह सोमवंशी, कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले से सड़क हादसे की खबर सामने आयी है। यहां विजयराघवगढ़-कन्हवारा मोड़ के पास लाइमस्टोन यानि चूना पत्थर से लदे एक तेज रफ्तार डंपर ने यात्रियों से भरी बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मलबे में दबने से मौत हो गई जबकि 35 से 40 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

ये भी पढ़ें: मुरैना रेलवे ट्रैक पर बड़ा हादसा: ट्रेन में आग की अफवाह के बाद पटरी पर उतरे यात्री, पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से 4 की मौत

कन्हवारा मोड़ के पास हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार यात्रियों से भरी बस कटनी से कारीतलाई की ओर जा रही थी। इसी दौरान विजयराघवगढ़ की तरफ से आ रहा लाइमस्टोन लोड डंपर कन्हवारा मोड़ के पास पहुंचा और उसने बस को अपनी चपेट में ले लिया। डंपर की टक्कर लगते ही चीख-पुकार मच गई और बस सड़क किनारे पलट गई।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तीन यात्रियों की गाड़ी के नीचे दबने से घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में बस ड्राइवर और कंडक्टर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जिला अस्पताल में प्रशासनिक अमला मुस्तैद

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को आनन-फानन में कटनी जिला अस्पताल लाया गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिले के कलेक्टर, एसपी (SP) सहित तमाम आला अधिकारी जिला अस्पताल में मौजूद हैं और घायलों के त्वरित इलाज की व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

ये भी पढ़ें: 12वीं की छात्रा ने घर में फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड नोट न मिलने से गहराया रहस्य

सांसद वीडी शर्मा पहुंचे कटनी, मुआवजे का किया ऐलान

हादसे की खबर मिलते ही खजुराहो संसदीय क्षेत्र के सांसद और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा तुरंत कटनी जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m