कर्ण मिश्रा, मुरैना/ग्वालियर। मध्य प्रदेश और राजस्थान की सीमा के पास रविवार को एक बेहद दर्दनाक रेल हादसा हो गया। खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में अचानक आग लगने की अफवाह के बाद घबराकर पटरी पर उतरे यात्री दूसरी दिशा से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हादसे में कम से कम 4 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

ये भी पढ़ें: 12वीं की छात्रा ने घर में फांसी लगाकर दी जान, सुसाइड नोट न मिलने से गहराया रहस्य

आग की अफवाह और चेन पुलिंग ने बिगाड़ी स्थिति

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खजुराहो से उदयपुर जा रही गाड़ी संख्या 19665 इंटरसिटी एक्सप्रेस में अचानक किसी ने आग लगने की अफवाह फैला दी। आग की बात सुनते ही ट्रेन के भीतर चीख-पुकार मच गई और घबराहट में किसी यात्री ने अलार्म चेन पुलिंग (Chain Pulling) कर दी। इसके चलते ट्रेन हेतमपुर और धौलपुर रेलवे स्टेशन के बीच अचानक रुक गई।

घबराकर दूसरी पटरी पर भागे और काल के गाल में समाए

ट्रेन के रुकते ही बोगियों में सवार कई यात्री जान बचाने के लिए नीचे कूद गए और जल्दबाजी में पास की दूसरी रेलवे लाइन की तरफ चले गए। इसी दौरान आगरा से मुरैना की ओर बेहद तेज गति से आ रही गाड़ी संख्या 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस वहां से गुजरी। पटरी पर मौजूद यात्री तेज रफ्तार पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे में 4 से 6 लोगों के हताहत होने की खबर है, वहीं कई लोग घायल हुए हैं।

रेलवे और स्थानीय प्रशासन मौके पर, जांच के आदेश

हादसे की भयावहता को देखते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ (RPF), जीआरपी (GRP) और स्थानीय पुलिस-प्रशासन की टीमें तुरंत एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचीं। घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया है जहां उनका इलाज जारी है।

उत्तर मध्य रेलवे ने दिए विस्तृत जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने घटना के कारणों और परिस्थितियों की उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। हालांकि प्राथमिक तौर पर आग की झूठी अफवाह को ही इस भीषण हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें: नर्मदा नदी के सतधारा घाट पर बड़ा हादसा: रेलवे परियोजना के 3 कर्मचारी डूबे, 1 को बचाया, 2 की तलाश जारी

रेलवे ने आमजन से की अपील

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर के दौरान किसी भी आपात स्थिति में घबराहट या अफवाह न फैलाएं। बिना किसी आधिकारिक निर्देश या अनुमति के ट्रेन से नीचे रेलवे ट्रैक पर कतई न उतरें और सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m