दीपक कौरव, नरसिंहपुर। नरसिंहपुर से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां प्रसिद्ध नर्मदा नदी के सतधारा घाट पर नहाने गए रेलवे परियोजना के तीन कर्मचारी गहरे पानी में डूब गए। हालांकि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों की सूझबूझ से एक कर्मचारी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन दो कर्मचारी अब भी लापता हैं। घटना के बाद से ही प्रशासनिक अमला और रेस्क्यू टीम मौके पर तैनात है।
ये भी पढ़ें: कान्हा टाइगर रिजर्व: गश्ती दल पर बाघ ने किया अचानक हमला, वनकर्मी की हुई मौत, प्रबंधन ने जताया शोक
नहाने के दौरान हुआ हादसा, घाट पर मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार रविवार की छुट्टी होने के कारण सतधारा घाट पर हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी। इसी दौरान इटारसी-श्रीधाम रेलवे विद्युतीकरण (Railway Electrification) कार्य में लगे रेलवे परियोजना के तीन कर्मचारी भी यहां नर्मदा नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे।
नदी में नहाते समय गहराई का अंदाजा न होने के कारण तीनों युवक अचानक गहरे पानी में समाने लगे और डूबने लगे। युवकों को डूबता देख घाट पर चीख-पुकार मच गई और हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई।
राजस्थान के रहने वाले हैं लापता कर्मचारी
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एक कर्मचारी को तो सकुशल पानी से बाहर खींच लिया लेकिन दो अन्य युवक तेज बहाव और गहराई में लापता हो गए। लापता हुए दोनों कर्मचारियों की पहचान आजाद सिंह, उम्र 25 वर्ष, छोटू गोस्वामी, उम्र 33 वर्ष, के रूप में हुई है जो राजस्थान के रहने वाले हैं।
SDERF और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम तुरंत सतधारा घाट पहुंची। लापता युवकों की तलाश के लिए SDERF और स्थानीय गोताखोरों की टीम को तत्काल काम पर लगाया गया है।
ये भी पढ़ें: पुरानी रंजिश का खौफनाक इंतकाम: घर के बाहर बैठे युवक पर किया फायर, हाथ में जा धंसी गोली, आरोपी फरार
प्रशासन हाई अलर्ट पर
प्रशासन ने क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है। नदी के तेज बहाव के बीच गोताखोरों द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रही है। समाचार लिखे जाने तक लापता दोनों रेल कर्मचारियों का सुराग नहीं लग पाया था, उनकी तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है।

