अनूप दुबे, कटनी। जिले के ढीमरखेड़ा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ठिर्री में बीती रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने घर में रखे नगद रुपयों समेत लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। वहीं पीड़ित को गांव के ही कुछ उपद्रवियों पर शक है।
ये भी पढ़ें: सोन नदी में पिकनिक मनाने गए एक ही परिवार के 4 लोग डूबे, 3 लड़कियां और 1 युवक शामिल, एक का शव बरामद
15 हजार नगद और लाखों के जेवर ले उड़े चोर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित वर्षा पति अमित के घर में बीती रात अज्ञात चोर दाखिल हुए। चोरों ने अलमारी और कमरों को खंगालते हुए 15 हजार रुपये नगद, मोबाइल फोन और भारी मात्रा में कीमती आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए जेवरातों में गले का सोने का हार, चांदी की हाफ करधन, डोरा, पायल और कंगन शामिल हैं। सुबह जब परिवार को घटना की भनक लगी, तो उनके होश उड़ गए।
पीड़ित परिवार ने गांव के ही संदेहियों पर जताया शक
सोमवार की सुबह पीड़ित वर्षा अपने परिवार के साथ तुरंत ढीमरखेड़ा थाने पहुंचीं और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि उन्हें गांव के ही कुछ संदिग्ध व्यक्तियों पर इस चोरी को अंजाम देने की शंका है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले को सघन जांच में ले लिया है।
ये भी पढ़ें: कमर्जी थाना प्रभारी पर जानलेवा हमला, उपद्रवियों ने किया धारदार हथियार से हमला, सिर पर आई गंभीर चोट, जाम खुलवाने टीम के साथ पहुंचे थे TI
जल्द होगा मामले का खुलासा: थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी
ढीमरखेड़ा थाना प्रभारी महिमा रघुवंशी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चोरी की शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस स्टाफ को तुरंत जांच के लिए ग्राम ठिर्री रवाना किया गया है। पीड़ित परिवार ने जिन संदेहियों के नाम बताए हैं, उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। थाना प्रभारी ने भरोसा दिलाया है कि पुलिस टीम विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही इस चोरी के मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

