अनूप दुबे, कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरेली रामपुर ग्राम में जुलाई और अगस्त माह का राशन न मिलने से ग्रामीण परेशान थे।विधायक ने विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर समस्या निराकरण करवाने का आश्वासन दिया था। जिसके बाद अगस्त माह का राशन वितरण किया गया, लेकिन ग्रामीण अभी भी जुलाई माह और छह महीने का पिछला राशन दिलाने की मांग कर रहे है।
कटनी की ढीमरखेड़ा तहसील अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बरेली रामपुर में जुलाई और अगस्त माह का राशन न वितरण होने के कारण गरीबों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। लल्लूराम डॉट कॉम ने गरीबों को होने वाली परेशानी के मुद्दे की खबर को प्रमुखता से उठाया था। बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने जिला खाद्य अधिकारी रविकांत ठाकुर से चर्चा कर जल्द से जल्द खाद्यान्न वितरण करवाने का आश्वासन दिया था। जिसके बाद आज सुबह अगस्त माह का राशन वितरण होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। लेकिन अभी भी ग्रामीणों में आक्रोश पनप रहा है।
ये भी पढ़ें: गरीबों के निवाले पर डाका! ढीमरखेड़ा की 3 पंचायतों में हाहाकार, विधायक की दखल के बाद जागा प्रशासन
पुराने छह माह के राशन वितरण की मांग
ग्रामीणों का आरोप है कि जुलाई माह का राशन नहीं मिला। इसके पूर्व भी पुराने सेल्समैन की ओर से लापरवाही करते हुए 6 माह का राशन उपलब्ध नहीं करवाया था। सेल्समेन आदर्श ज्योत्षी ने बताया कि जुलाई माह का राशन उपलब्ध नहीं हुआ है। जिसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को है। अफसरों ने राशन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। अगस्त माह का राशन प्राप्त होने पर वितरण किया जाएगा। सेल्समैन ने बताया कि उसकी पोस्टिंग कुछ महीने पहले ही हुई है। पुराने मामले की जानकारी नहीं है। वहीं ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से जुलाई माह और पुराने 6 माह का राशन वितरण करवाने की मांग की है।
जिला खाद्य अधिकारी ने कही ये बात
इस संबंध में जिला खाद्य अधिकारी रविकांत ठाकुर ने बताया कि कल टीएल की बैठक के बाद में स्वयं बरेली रामपुर गांव जाऊंगा और ग्रामीणों की जो भी खाद्यान्न वितरण से संबंधित समस्याएं हैं, उनका निराकरण करवाया जाएगा। आपको बता दें कि ढीमरखेड़ा तहसील क्षेत्र में राशन वितरण में जमकर लापरवाही के मामले सामने आ रहे हैं। कहीं एक, कहीं दो माह तो कहीं छह-छह माह गरीबों को राशन समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। जबकि कलेक्टर आशीष तिवारी के सख्त निर्देश हैं कि गरीबों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके बावजूद धड़ल्ले से लापरवाहियां सामने आ रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

