अनूप दुबे, कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मटवारा में दलित उत्पीड़न और दबंगई का एक बेहद रोंगटे खड़े कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ मामूली कहासुनी के बाद करीब एक दर्जन से अधिक दबंगों ने घर में जबरन घुसकर एक दलित युवक के कपड़े फाड़कर उसे नग्न कर दिया और लात-घूसों व डंडों से बेरहमी से पीटा। इस दौरान जब पीड़ित की असहाय मां अपने बेटे को बचाने आई, तो दबंगों ने उसके साथ भी जमकर अभद्रता की और उसके कपड़े फाड़ दिए।  

 घर में घुसकर किया हमला 

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 29 सितंबर की शाम की है। पीड़ित अरविंद ने बताया कि निवार बाजार में उसकी गाड़ी से एक स्कूटी को मामूली झटका लग गया था। इसी मामूली बात पर आक्रोशित होकर संजू बर्मन, सिद्धार्थ पाण्डेय और उनके अन्य साथियों ने बीच बाजार अरविंद से मारपीट की। अरविंद जान बचाकर मटवारा स्थित अपने घर पहुँचा, लेकिन आरोपी शांत नहीं हुए। वे करीब एक दर्जन से अधिक उपद्रवियों की भीड़ लेकर अरविंद के घर आ धमके और जबरन अंदर घुस गए।

 मां गिड़गिड़ाती रही पर नहीं पसीजा दिल 

पीड़ित की मां के अनुसार, दबंगों ने घर पर धावा बोलकर छोटे बेटे को घसीटते हुए आंगन में ला खड़ा किया। आरोपियों ने उसके सारे कपड़े फाड़कर उसे नग्न कर दिया और लात-घूसों तथा डंडों से निर्दयतापूर्वक पीटना शुरू कर दिया। बेबस मां अपने जवान बेटे को चंगुल से छुड़ाने के लिए रहम की भीख मांगती रही, लेकिन आरोपियों का दिल नहीं पसीजा। जब मां ने बेटे को बचाने की कोशिश की, तो दबंगों ने उनके साथ भी हाथापाई की और उनके कपड़े फाड़ दिए।

SP के कड़े रुख के बाद हरकत में आई पुलिस 

घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद में स्लीमनाबाद थाने पहुँचा, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने शुरुआती स्तर पर मामले को दबाने का प्रयास किया और एफआईआर दर्ज करने में टालमटोल करती रही। स्थानीय पुलिस की इस बेरुखी से हताश होकर पीड़ित परिवार ने 1 अक्टूबर को कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के समक्ष उपस्थित होकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। SP के कड़े हस्तक्षेप के बाद स्लीमनाबाद पुलिस तत्काल हरकत में आई और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m