केरल में कांग्रेस नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) की बड़ी जीत के बाद अब राज्य के नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर अंतिम दौर की चर्चा पूरी हो चुकी है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार (13 मई) को इस मुद्दे पर अहम बैठक की. पार्टी ने संकेत दिया है कि मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के नाम की घोषणा गुरुवार को की जाएगी.

बुधवार को कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि केरल के मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान गुरुवार को कर दिया जाएगा.

केरल के तिरुवनंतपुरम में कल यानी गुरुवार को कांग्रेस विधायक दल की सुबह 11 बजे बैठक होगी. इसमें केरल के नए मुख्यमंत्री पर फैसला किया जाएगा. बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से सीएम का नाम जाएगा, क्योंकि पहले ही विधायकों ने रिजॉल्यूशन पास करके विधायक दल का नेता चुनने का अधिकार कांग्रेस प्रेसिडेंट को दे दिया है.

दिल्ली के 10 राजा जी मार्ग पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर दोनों नेताओं के बीच आधे घंटे से अधिक समय तक चर्चा हुई. बैठक में केरल में सरकार गठन और मुख्यमंत्री पद के लिए संभावित नामों पर विचार-विमर्श किया गया.

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को संकेत दिया कि मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा गुरुवार को कर दी जाएगी. इससे पहले, मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने केरल के मुख्यमंत्री के चयन को लेकर अंतिम दौर की चर्चा की.

सूत्रों के हवाले से बताया कि संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशन और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला मुख्यमंत्री पद की दौड़ में प्रमुख दावेदार हैं. गौरतलब है कि 7 मई को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर पार्टी आलाकमान को नेता चुनने का अधिकार दे दिया गया था. हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने 140 में से 102 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया.

केरल में मुख्यमंत्री पद की घोषणा को लेकर जारी इंतज़ार के बीच इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) ने साफ कर दिया है कि वह कांग्रेस के अंतिम फैसले के बाद ही अपना रुख तय करेगी. कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) की प्रमुख सहयोगी पार्टी IUML ने इस मुद्दे पर बुधवार को एक अहम बैठक की.

यह बैठक IUML प्रमुख सादिक अली शिहाब थंगल के पनक्कड़ स्थित आवास पर आयोजित हुई. बैठक के बाद पार्टी के वरिष्ठ नेता पी. के. कुन्हालीकुट्टी ने बताया कि मुख्यमंत्री पद को लेकर किसी भी निर्णय के लिए पार्टी नेतृत्व ने थंगल को अधिकृत किया है.

कुन्हालीकुट्टी ने कहा कि IUML फिलहाल दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान के फैसले का इंतजार कर रही है और मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा के बाद ही पार्टी अपना रुख स्पष्ट करेगी.

बैठक के बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने मीडिया से कहा कि कांग्रेस विधायक दल ने नेता चुनने के लिए पार्टी नेतृत्व को अधिकृत किया था. उन्होंने कहा- आलाकमान ने चर्चा पूरी कर ली है और फैसले की घोषणा कल की जाएगी.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m