अनिल शर्मा, साहा। विकास, स्वच्छता और जनसुविधाओं के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर ग्राम पंचायत केसरी ने पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गांव में कराए गए उल्लेखनीय विकास कार्यों के लिए पंचायत को राज्य सरकार की ओर से प्रतिष्ठित ‘मुख्यमंत्री जागृत ग्राम पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि न केवल केसरी गांव बल्कि पूरे साहा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बनी हुई है।

विकास मॉडल बना केसरी गांव

ग्राम पंचायत ने पिछले कुछ वर्षों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता अभियान, शिक्षा को बढ़ावा देने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सराहनीय कार्य किए हैं। गांव में पक्की गलियों का निर्माण, जल निकासी व्यवस्था में सुधार, पर्यावरण संरक्षण के प्रयास, बच्चों के लिए खेल मैदान की स्थापना, चारों ओर स्ट्रीट लाइटें तथा वाटर कूलर जैसी सुविधाओं ने केसरी को एक आदर्श गांव के रूप में स्थापित किया है।

मुख्यमंत्री का जताया आभार

इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए सरपंच प्रतिनिधि रूपिंदर ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान गांव के प्रत्येक नागरिक की जागरूकता और पंचायत टीम की मेहनत का परिणाम है।उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार भविष्य में और बेहतर विकास कार्यों के लिए प्रेरणा का काम करेगा तथा पंचायत गांव को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए लगातार प्रयासरत रहेगी।

ग्रामीणों में उत्साह का माहौल

पुरस्कार की घोषणा के बाद गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत की सक्रिय कार्यशैली और विकासोन्मुख सोच के कारण आज केसरी पूरे प्रदेश में अपनी अलग पहचान बना रहा है। इस सम्मान ने क्षेत्र के अन्य गांवों को भी विकास की दिशा में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया है।