लखनऊ. उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर विपक्ष को आड़े हाथों लिया है. इस बार उनके निशाने पर केवल सपा नहीं, बल्कि पूरा इंडी गठबंधन है. केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर लिखा कि ‘सपा बहादुर अखिलेश यादव, राजद के लालटेन तेजस्वी यादव, तृणमूल दीदी ममता बनर्जी और आप नेता अरविंद केजरीवाल- इन सबके चेहरे अलग-अलग, लेकिन इनकी ढपोरशंखी घोषणाएं और खोखली राजनीति का खालिस चरित्र एक है. बिहार ने राजद, पश्चिम बंगाल ने तृणमूल कांग्रेस और दिल्ली ने आप को नकार दिया. अगला नंबर सपा का है, जिसे 2027 में उत्तर प्रदेश की जनता फिर से झटक देगी.’

बता दें कि केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को अखिलेश यादव पर निशाना साधा था. सपा सुप्रीमो ने 2027 में सपा की सरकार बनने पर यूपी की महिलाओं को 40 हजार रुपये ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ के तहत देने का ऐलान किया है. जिस पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने अखिलेश यादव की घोषणा को छलावा करारा दिया. साथ ही यह भी कहा है कि अखिलेश यादव को 2047 तक यूपी की सत्ता नसीब नहीं होगी.

इसे भी पढ़ें : UP में डिंपल बनेंगी सपा की CM फेस? सवाल पर मुस्करा दिए अखिलेश

डिप्टी सीएम मौर्य ने कहा था कि सपा के मुंह से महिला सुरक्षा-सम्मान की बात महज छलावा है. यूपी ने 2012-17 के दरम्यान सपा की गुंडागर्दी, अपराध, माफिया, दंगाइयों और भ्रष्टाचारियों के संरक्षण वाली राजनीति न केवल देखी है, बल्कि काफी हद तक सही भी है. यह क़तई साफ है कि सपा मुखिया अखिलेश यादव को 2027 से 2047 तक यूपी की सत्ता और उनके दिल्ली वाले गार्जियन कांग्रेस के जेन-जी नेता राहुल गांधी को 2049 तक देश की सत्ता मिलने वाली नहीं है.

डिप्टी सीएम मौर्य ने ये भी कहा कि दोनों भविष्य के नाम पर फर्जी वादे बेच रहे हैं. सपा का PDA यानी ‘परिवार डेवलपमेंट एजेंसी’ की हकीकत यूपी की महिलाएं बेहतर तरीके से समझती हैं और वे सपा की चाल, जाल और झांसे में नहीं आएंगी.