लखनऊ. उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है. कांग्रेस और राहुल गांधी की ओर से चुनाव आयोग को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता से दूर होने की वजह से परेशान है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा को लॉन्च करने की कोशिश कर रही है, लेकिन देश की जनता उन्हें स्वीकार नहीं कर रही है.
इसे भी पढ़ें-अखिलेश यादव के अयोध्या जाने पर क्यों घबराई BJP? सुरेंद्र राजपूत बोले- ‘पेट में दर्द क्यों हो रहा’
केशव मौर्य ने कहा कि अगर कांग्रेस के पास चुनाव से जुड़ा कोई विषय या शिकायत है तो उसे चुनाव आयोग के सामने रखना चाहिए. उन्होंने विपक्ष के विरोध प्रदर्शन पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग जनता की अदालत में चुनाव नहीं जीत पा रहे हैं, वे इस तरह की चीजें कर रहे हैं.
‘कांग्रेस सत्ता वियोग में पगला गई’
उपमुख्यमंत्री ने कहा, “कांग्रेस सत्ता वियोग में पगला गई है.” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार कोशिश कर रही है कि राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा को देश की जनता स्वीकार कर ले, लेकिन जनता उन्हें नकार रही है. उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत नहीं मिलने से विपक्ष हताश है.
‘शिकायत है तो आयोग के पास जाएं’
केशव मौर्य ने कहा कि अगर विपक्ष के पास कोई ठोस विषय है तो उसे चुनाव आयोग के सामने रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि जनता की अदालत में जो लोग कहीं ठहरते हुए नहीं दिखाई दे रहे हैं, वही इस प्रकार की गतिविधियां कर रहे हैं. उन्होंने विपक्ष के विरोध को लेकर “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे” वाली कहावत का इस्तेमाल किया.
अखिलेश यादव के राज्यसभा सपने पर तंज
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए केशव मौर्य ने कहा कि सपा प्रमुख की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है. उन्होंने दावा किया कि राज्यसभा चुनाव में तीन सांसद बनाने का अखिलेश यादव का सपना चूर-चूर हो गया है. मौर्य ने कहा कि भाजपा के आठ राज्यसभा सांसद जीत रहे हैं और इसके लिए उन्होंने पार्टी के उम्मीदवारों को बधाई दी.
इसे भी पढ़ें- खाकी का खौफ खत्म? थाने से महज 100 मीटर दूर दिनदहाड़े दो युवकों का अपहरण, पुलिस पर उठे सवाल
MLC चुनाव में भी जीत का दावा
केशव मौर्य ने कहा कि विधान परिषद की 11 सीटों पर हो रहे चुनाव में भी भाजपा अधिकांश सीटें जीतने जा रही है और समाजवादी पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि चुनावी नतीजे विपक्ष की राजनीतिक स्थिति को और स्पष्ट करेंगे.
वहीं, उपमुख्यमंत्री ने अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर भी शोक जताया. उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर का सिनेमा जगत में बड़ा नाम था और हिंदी व मराठी भाषी दर्शक उन्हें पसंद करते थे. मौर्य ने दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि देते हुए ईश्वर से उन्हें अपने चरणों में स्थान देने की प्रार्थना की.

