कुंदन कुमार, पटना। खान सर कोचिंग विवाद से जुड़े मामले में आज बुधवार (8 जुलाई) को कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। कोर्ट ने दोनों पक्ष रौशन आनंद और खान सर के वकीलों की दलीलें सुनने के बाद अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। खान सर से जुड़ी अग्रिम जमानत याचिका पर कोर्ट अब 10 जुलाई 2026 को अपना फैसला सुनाएगा।
खान सर के वकील ने क्या कहा?
खान सर के वकील ने बताया कि कोर्ट ने आज दोनों पक्षों की बातों को सुना और सुनवाई पूरी होने के बाद खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है। कोर्ट 10 जुलाई को अपना फैसला सुनाएगा। उन्होंने बताया कि, खान सर के अलावा उनके 3 तीन सुरक्षा कर्मी और जेल में बंद दोनों सुरक्षा कर्मियों से जुड़ी जमानत याचिका पर भी कोर्ट में सुनवाई हुई, सभी मामलों में कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रखा है।
कल कोर्ट ने मांगी थी खान सर की केस डायरी
बता दें कि खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर कल मंगलवार को भी कोर्ट में सुनवाई हुई थी। इस दौरान ज्ञान बिंदु के संचालक रौशन आनंद द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर कोर्ट ने पुलिस से खान सर से जुड़े आपराधिक मामलों का रिकॉर्ड मांगा था। कोर्ट ने यह साफ किया था कि खान सर के खिलाफ दर्ज सभी पुराने मामलों को देखने के बाद ही उनकी जमानत याचिका पर फैसला सुनाया जाएगा।
जानें क्या है पूरा मामला?
गौरलब है कि यह पूरा मामला 2 जून का है, जब खान सर के कोचिंग (खान ग्लोबल स्टडीज) पर तोड़ फोड़ की घटना हुई थी, जिस मामले में खान सर की ओर से ज्ञान बिंदू के संचालक रौशन आनंद पर मारपीट व तोड़फोड़ को लेकर शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस मामले में पटना पुलिस ने रौशन आनंद समेत दो अन्य लोगों को गिरफ्तार किया था।
घटना के दो दिन पटना पुलिस ने फायरिंग से जुड़े वायरल वीडियो के मामले में खान सर के दो सुरक्षा गार्डों को हिरासत में लिया, जिन्होंने बताया कि उन्होंने खान सर के कहने पर हवाई फायरिंग की थी। इस बयान के आधार पर पटना पुलिस ने दोनों सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर खान सर के खिलाफ भी विभिन गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। हालांकि कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी।
नेपाल में रौशन आनंद के भाई की संदिग्ध मौत
इस मामले ने अहम मोड़ तब ले लिया जब मामले में फरार चल रहे रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की 14 जून को नेपाल में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। इस घटना के बाद रौशन आनंद के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, 15 जून को हुई सुनवाई में रौशन आनंद को जेल से जमानत मिल गई।
जेल से से बाहर आते ही उन्होंने अपने भाई प्रिंस यादव की मौत के लिए खान सर को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि, हमारे हमारे भाई की हत्या फैसल खान (खान सर) और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आर एस प्रसाद ने करवाया है।
ये भी पढ़ें- प्रशांत किशोर के समर्थन में बिहार आएंगे तमिलनाडु के CM विजय थलपति! चुनावी प्रचार को मिलेगी नई धार

