इमरान खान, खंडवा। जनप्रतिनिधियों को अक्सर आपने जनता के बीच भाषण देते, समस्याओं का समाधान करते या फिर चुनावी रैलियों में देखा होगा लेकिन खंडवा से एक बेहद दिलचस्प और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। जहां स्थानीय विधायक कंचन तनवे खुद एक आम छात्रा की तरह परीक्षा केंद्र पहुंची और बकायदा डेस्क पर बैठकर अपना पेपर हल किया। विधायक बनने के बाद बी कंचन तनवे ने अपनी पढ़ाई का सफर जारी रखा है और अब वे सोशल वर्क में मास्टर बनने की तैयारी कर रही है।

पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में मिला केंद्र, रोल नंबर का दिखा गजब संयोग

विधायक कंचन तनवे सोमवार को प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज में आयोजित मास्टर ऑफ सोशल वर्क (MSW) के पहले वर्ष की परीक्षा में शामिल हुईं। आज उनका सामाजिक सामूहिक कार्य विषय का पेपर था। परीक्षा केंद्र पर मैडम विधायक बिल्कुल अन्य विद्यार्थियों की तरह समय पर पहुंची और अपनी निर्धारित सीट पर बैठकर पूरी एकाग्रता के साथ परीक्षा दी। इस दौरान एक दिलचस्प संयोग भी देखने को मिला। उनका विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 177 है और इस परीक्षा में विधायक जी का रोल नंबर 178 था।

BSW के बाद अब मास्टर डिग्री की तैयारी

अपनी पढ़ाई को लेकर उत्साह साझा करते हुए विधायक कंचन तनवे ने बताया कि उन्होंने पहले तीन वर्षीय बैचलर ऑफ सोशल वर्क (BSW) की पढ़ाई पूरी की थी। चूंकि वे राजनीति और जनसेवा के माध्यम से समाज से जुड़ी हुई हैं, इसलिए वे इस क्षेत्र में अपनी मास्टर डिग्री भी हासिल करना चाहती हैं। उन्होंने युवाओं और समाज को संदेश देते हुए कहा:

“पढ़ाई की कोई उम्र नहीं होती। सीखने की प्रक्रिया जीवनभर चलती रहनी चाहिए। पद चाहे जो भी हो, शिक्षा हमें हमेशा जमीन से जोड़े रखती है।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m