Bihar News: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज बुधवार (7, अक्टूबर) को दिल्ली में INDIA गठबंधन के विपक्षी सांसदों को लंच पर आमंत्रित किया है। यह लंच डिप्लोमेसी दिल्ली के जनपथ स्थित प्रसिद्ध साउथ इंडियन रेस्टोरेंट ‘सागर रत्ना’ में दोपहर 1:30 बजे आयोजित की गई है। खरगे के लंच पर राजद सांसद मनोज झा का बड़ा बयान सामने आया है। मीडिया से बातचीत में मनोज झा ने कहा कि, लंच होगा, हो सकता है कि कुछ लॉन्च भी हो जाए।

ज्ञानेश कुमार में इनता अहंकार कहां से आया?

वहीं, चुनाव आयोग के दफ्तर के पास हुए विरोध प्रदर्शन पर राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि, साक्ष्य और सबूतों के आलोक में राहुल गांधी ने जो कहा या बाकी सांसद और आम जनता कुछ अलग कह सकती है क्या? ज्ञानेश कुमार को इतना अहंकार कहां से आता है? वे जो इम्यूनिटी मिली है, वहां से आता है, क्यों मिली? ताकि आप सरकार दीजिए। कभी-कभी संकेत में संदेश होता और वो संदेश चला गया।

इससे पहले मनोज झा ने अपने एक बयान में कहा था कि, अब ये मामला केवल ज्ञानेश कुमार तक नहीं है, वो तो महज़ एक कठपुतली है, उसकी डोर अमित शाह और नरेंद्र मोदी के हाथ में है, ये सब एक्पोज हो चुके हैं।

अराजकता फैला रहा है विपक्ष- संजय झा

विपक्ष के प्रदर्शन पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि, सभी लोग जानते हैं कि CEC एक संवैधानिक संस्था है। और जिस तरह से वो (विपक्षी सांसद) प्रदर्शन कर रहे हैं, वो अराजकता की स्थिति वाली बात है। कोई भी इलेक्शन कमीशन में जाकर अपनी बात रख सकता है। और ये अराजक स्थिति बनाना, लोगों के बीच में कंफ्यूजन पैदा करना, यह संविधान की बात करते हैं, लेकिन सारा इनका जो व्यवहार है, कंडक्ट है, वो बिल्कुल दिखाई पड़ रहा है, जो संविधान को तार-तार करने में लगे हुए हैं।

लंच मीटिंग में इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा

गौरतलब है कि मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा यह लंच मीटिंग कल 6 अक्टूबर 2026 को विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग के खिलाफ किए गए भारी विरोध प्रदर्शन और मार्च के ठीक एक दिन बाद बुलाई गई है। सूत्रों के मुताबिक लंच के दौरान सभी विपक्षी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार से मुलाकात का समय मांगने वाली एक औपचारिक चिट्ठी पर हस्ताक्षर करेंगे। इसके साथ ही मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी और “वोट चोरी” के आरोपों को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष अपने अगले कदमों की रणनीति तैयार करेगा।

ये भी पढ़ें- PM मोदी के 25 साल पूरे: मोतिहारी में निकली गई ‘सेवा ज्योति यात्रा’, राधामोहन सिंह ने संभाली कमान