सोहराब आलम, मोतिहारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज देशभर में बीजेपी की ओर से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मोतिहारी के बापू सभागार में भी कार्यक्रम आयोजित हुआ। बीजेपी सांसद राधामोहन सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और अल्पसंख्यक समाज के लोग शामिल हुए।

पीएम मोदी ने वर्चुअली किया संबोधित

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के कार्यकर्ताओं और लोगों को संबोधित किया। पीएम मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा को याद करते हुए कहा कि, जब उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी, तब उन्हें नहीं पता था कि उनके जीवन में इतना बड़ा पड़ाव आएगा। उन्होंने इसके लिए देश की जनता के प्रति आभार जताया।

हम करके रहेंगे- पीएम मोदी

संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि, 7 अक्टूबर, 2001 को जब मैंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब सोचा नहीं था कि कभी ये पड़ाव भी आएगा। आज मुझे Head of the Government के तौर पर निरंतर सेवा करते हुए 25 वर्ष पूरे हो गए हैं। ये जनता-जनार्दन के निरंतर आशीर्वाद का परिणाम है। मैं देश की जनता के चरणों में शीश झुकाकर नमन करता हूं। आज का ये दिन सिर्फ यादों के लिए नहीं है। ये अपने संकल्पों को नई ऊर्जा से भरने का दिन है। ये दिन उस वादे को दोहराने और उस इरादे को व्यक्त करने का दिन है, जो कहता है कि हम करके रहेंगे।

‘अपने कर्म पर मेरा अधिकार’

पीएम मोदी ने कहा कि, मेरा अधिकार मेरे कर्म पर है, इसलिए मैं कर्म को अपना कर्तव्य मानता हूं और हर कर्म पूरी क्षमता से करता हूं, निरंतर कर्म करता हूं। पीएम ने कहा कि, कर्म करो, काम रुकना नहीं चाहिए, प्रयास रुकना नहीं चाहिए। इसलिए, मेरे लिए कर्म सिर्फ जिम्मेदारी नहीं है, ये देश के प्रति मेरी साधना है। कर्म देश के लिए, कर्म देशवासियों के लिए और इसमें भाव यही है: मा फलेषु कदाचन! फल की चिंता नहीं, श्रेय की भी चिंता नहीं। देश ने अवसर दिया, लोगों ने विश्वास दिया, परिस्थितियों ने सीख दी, जिसकी वजह से मुझे देशवासियों की अविरल सेवा का अवसर मिल रहा है।

संबोधन के बाद निकाली गई सेवा ज्योति यात्रा

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद मोतिहारी में सेवा ज्योति यात्रा निकाली गई। यात्रा बापू सभागार से समाहरणालय गेट तक पहुंची, जहां ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ पर अखंड ज्योति मशाल स्थापित की गई। इस मौके पर बीजेपी सांसद राधामोहन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और सेवा की यात्रा को यादगार बनाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है।

ये भी पढ़ें- ‘बिहार की हकमारी है, फरक्का जल संधि’, संजय झा बोले- समझौते को आगे बढ़ाना ठीक नहीं