रविंद्र भारद्वाज, रायबरेली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई कथित अमर्यादित टिप्पणी पर रायबरेली में सियासी पारा चढ़ गया है. मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने खड़गे पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के पिता का अपमान पूरे रायबरेली का अपमान है. इस बयान से जिले की जनता आहत और आक्रोशित है.
मंत्री ने कहा कि खड़गे कांग्रेस के केवल “नाममात्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष” हैं. पार्टी की असली कमान राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के हाथों में है. उन्होंने कांग्रेस को गांधी परिवार की “प्राइवेट लिमिटेड कंपनी” बताते हुए कहा कि पार्टी में ऊपर से नीचे तक उसी सोच और संस्कृति का प्रभाव दिखाई देता है.
इसे भी पढ़ें : PM मोदी पर खड़गे के बयान के बाद दानिश अली ने लगाई आग! बोले- वोट चोरों की औलादें भी जेल जाएंगी
दिनेश प्रताप सिंह ने तीखे अंदाज में कहा कि जो लोग देश के प्रधानमंत्री के पिता का अपमान कर सकते हैं, वे अपने संस्कार और मर्यादा पर स्वयं सवाल खड़ा कर रहे हैं. उन्होंने गांधी परिवार को नसीहत देते हुए कहा कि वह अपनी पार्टी को संभाले और नेताओं को सार्वजनिक जीवन की मर्यादा में रहकर बयान देने की सीख दे.
मंत्री ने चेतावनी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके माता-पिता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों का सिलसिला नहीं रुका तो कांग्रेस को पूरे देश में कोई पूछने वाला नहीं बचेगा. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी केवल भाजपा के प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि पूरे देश के प्रधानमंत्री हैं. ऐसे में उनके परिवार पर टिप्पणी करना राजनीतिक विरोध नहीं, बल्कि सामाजिक मर्यादा का खुला उल्लंघन है.

