सेवा संकल्प जनसभा में कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा- इलाके को गढ़ बताने वालों ने विकास के हक से रखा वंचित

आईएमटी, मारुति प्लांट और सैटेलाइट सिटी से रोजगार के नए अवसर खुलने का दावा

खरखौदा, 11 अक्टूबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और वर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों से खरखौदा तेजी से औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने खरखौदा के लोगों से भावनात्मक रिश्तों के नाम पर वोट तो हासिल किए, लेकिन क्षेत्र के विकास पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया।

रविवार को खरखौदा विधायक पवन खरखौदा की ओर से आयोजित सेवा संकल्प जनसभा को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि खरखौदा से हुड्डा का पारिवारिक रिश्ता होने के बावजूद क्षेत्र को वह विकास नहीं मिला, जिसकी लोगों को उम्मीद थी। उन्होंने कहा कि दिल्ली से सटे होने के कारण खरखौदा में औद्योगिक विकास की बड़ी संभावनाएं थीं, लेकिन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र उस गति से आगे नहीं बढ़ पाया।

डॉ. गुप्ता ने आरोप लगाया कि हुड्डा सरकार के दौरान किसानों की जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में पैदा हुई अड़चनों से क्षेत्र के विकास पर असर पड़ा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पिछले 12 वर्षों से खरखौदा को औद्योगिक पहचान दिलाने की दिशा में काम कर रही है। भाजपा का दावा है कि क्षेत्र में निवेश और औद्योगिक गतिविधियां बढ़ने से रोजगार के नए अवसर तैयार हो रहे हैं।

3,200 एकड़ में विकसित हो रही आईएमटी

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि खरखौदा में लगभग 3,200 एकड़ में औद्योगिक मॉडल टाउनशिप (आईएमटी) विकसित की जा रही है। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए करीब 5,800 एकड़ अतिरिक्त जमीन की योजना भी तैयार की जा रही है। उन्होंने मारुति सुजुकी के खरखौदा प्लांट का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं बढ़ी हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आईएमटी खरखौदा की तर्ज पर प्रदेश में 10 आईएमटी स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। डॉ. गुप्ता ने मुख्यमंत्री के सिंगापुर दौरे का जिक्र करते हुए बताया कि वहां औद्योगिक क्षेत्रों में वाटर ट्रीटमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।

सैटेलाइट सिटी और रेल कॉरिडोर से बढ़ेंगी संभावनाएं

डॉ. गुप्ता ने खरखौदा में 10 हजार एकड़ में सैटेलाइट शहर बसाने की योजना को क्षेत्र के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर से भी खरखौदा की कनेक्टिविटी और औद्योगिक विकास को मजबूती मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयों के विस्तार से युवाओं को रोजगार मिलने के साथ स्थानीय कारोबार को भी फायदा होगा। उनके अनुसार, खरखौदा में बन रहे नए अवसर युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले बनने की दिशा में आगे बढ़ने का मौका देंगे।

108 जरूरतमंद बेटियों को बांटीं वाशिंग मशीनें

कार्यक्रम के दौरान डॉ. अर्चना गुप्ता ने विधायक पवन खरखौदा की ओर से जरूरतमंद 108 बेटियों को दी जा रही वाशिंग मशीनों का वितरण किया। आयोजकों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। क्षेत्र के सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने भी उन्हें सम्मानित किया।

जनसभा में भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं चेयरमैन मोहन लाल बड़ौली, विधायक कृष्णा गहलावत और विधायक पवन खरखौदा ने भी संबोधित किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, जिला प्रभारी एडवोकेट राजबाला, मेयर राजीव जैन, भाजपा नेता ललित बत्रा, प्रदीप सांगवान, देवेंद्र कौशिक और भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष अक्षित दहिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m