नितिन नामदेव, रायपुर. खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स (Khelo India Tribal Games 2026) के सफल आयोजन के लिए छत्तीसगढ़ पूरी तरह तैयार है. उद्घाटन समारोह आगामी 25 मार्च को शाम 6 बजे साइंस कॉलेज ग्राउंड, रायपुर में होगा. इस ऐतिहासिक आयोजन का शुभारंभ केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया करेंगे. इस दौरान सीएम साय, खेल मंत्री अरुण साव समेत अन्य मंत्री गण मौजूद रहेंगे. खास बात यह है कि देश में पहली बार आयोजित हो रहे ट्राइबल नेशनल गेम्स की मेजबानी का अवसर छत्तीसगढ़ को मिला है, जो प्रदेश के लिए गौरव की बात है.

तैयारियों की हुई समीक्षा

प्रदेश के डिप्टी सीएम और खेल मंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों के आवास, परिवहन और भोजन की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मानकों के अनुरूप सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही खिलाड़ियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, इंजरी मैनेजमेंट, मेडिकल किट और डॉक्टरों की उपलब्धता पर भी जोर दिया गया है.

वेन्यू और आयोजन पर फोकस

उपमुख्यमंत्री और खेल मंत्री अरुण साव ने बताया कि देश में पहली बार खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स का आयोजन छत्तीसगढ़ के रायपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर में किया जा रहा है. उन्होंने सभी वेन्यू पर स्पोर्ट्स इक्विपमेंट इंस्टॉलेशन, ओपनिंग व क्लोजिंग सेरेमनी, प्रचार-प्रसार और जनसहभागिता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं.

3000 खिलाड़ी होंगे शामिल

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में देशभर के लगभग 32 राज्यों से करीब 3000 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.

25 मार्च से 3 अप्रैल तक होंगे मुकाबले

इस दौरान पुरुष और महिला वर्ग में हॉकी, फुटबॉल, कुश्ती, एथलेटिक्स, तैराकी, तीरंदाजी और वेटलिफ्टिंग जैसे सात खेलों में रोमांचक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी. यह आयोजन जनजातीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच देने के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की खेल और सांस्कृतिक पहचान को भी नई ऊंचाई देगा.