Khesari Lal Yadav: भोजपुरी जगत के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल यादव ने एक बार फिर से पवन सिंह को लेकर बड़ा बयान दिया है। हालही में एक पॉडकास्ट के दौरान खेसारी लाल यादव ने अपने करियर, फिल्म इंडस्ट्री और अपने निजी जीवन को लेकर कई मुद्दों पर खुलकर बातचीत की। इस दौरान साथी कलाकर पवन सिंह से जुड़े एक सवाल के जवाब में खेसारी ने कहा कि, सच बात हर किसी को अच्छी नहीं लगती। उन्होंने कहा कि, मैं पवन सिंह का कोई चमचा नहीं हूं कि उनकी गलत में भी हां बोलूं और सही में भी हां बोलूं।
पवन सिंह से ज्यादा फिल्मों में किया काम
वहीं, पवन सिंह के साथ रिश्तों से जुड़े सवाल पर खेसारी लाल यादव ने कहा कि, फिल्म इंडस्ट्री में वह पवन सिंह के बाद आए, लेकिन उन्होंने उनसे ज्यादा फिल्मों में काम किया है। खेसारी ने कहा कि उन्होंने (पवन सिंह) कहा था कि वो मेरे साथ कभी काम नहीं करेंगे। इसके बावजूद मैं लगातार काम कर रहा हूं। मैंने उनके साथ सिर्फ एक फिल्म की है।
गौरतलब है कि पवन सिंह और खेसारी लाल यादव के बीच जुबानी जंग चलती रहती है। दोनों अभिनेता भी अलग-अलग मंचों पर इस बात को स्वीकार कर चुके हैं। हालांकि जब कभी भी इनका आमना-सामना होता है , तो दोनों ही एक-दूसरे को भाई बताते हैं और एक दूसरे का सम्मान करते हुए नजर आते हैं। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान भी खेसारी और पवन सिंह के बीच काफी बयानबाजी देखने को मिली थी।
काजल राघवानी संग रिश्ते पर कही ये बात
बातचीत के दौरान खेसारी लाल यादव ने काजल राघवानी संग भी अपने रिश्ते को लेकर भी बात की। खेसारी ने कहा कि, जिस तरह पहले वह उनके लिए सही थीं, आज भी वैसी ही हैं। उन्होंने कहा की इंसान को प्यार हो जाता है। मैं तो कहता हूं कि मर्द को प्यार नहीं, आदत हो जाती है।
बता दें कि भोजपुरी सिनेमा में एक ऐसा समय था, जब खेसारी लाल यादव लगातार सिर्फ काजल राघवानी के साथ ही फिल्मों में काम कर रहे थे। इन दोनों का नाम भी साथ में जोड़ा जाने लगा था। हालांकि बाद में दोनों के बीच किसी बात को लेकर मनमुटाव हो गया। इस दौरान काजल राघवानी ने खेसारी पर धोखा देने के साथ-साथ कई गंभीर आरोप भी लगाया था।
दूध बेचा और लिट्टी-चोखे की दुकान चलाई
खेसारी लाल यादव ने अपने स्टारडम के साथ-साथ अपने संघर्ष के दिनों को भी याद किया। उन्होंने बताया कि, वह अपने चाचा के साथ गांव में रहते थे और उनके पिता दिल्ली में मजदूरी का काम करते थे। उनके परिवार के पास ज्यादा जमीन नहीं था। खेसारी ने बताया कि बचपन में घर-घर जाकर दूध बेचा करते थे। इसी दौरान उन्होंने गाने का भी अभ्यास किया और संगीत को सीखा। खेसारी ने बताया कि साल 2004 से लेकर 2007 तक दिल्ली के ओखला में उन्होंने लिट्टी-चोखा बेचा करते थे, उनकी एक दुकान थी। वे दिन में दुकान पर काम करते थे और रात के समय गाना गाते थे।
ये भी पढ़ें- ज्योति सिंह का पवन सिंह पर बड़ा हमला: “पावर स्टार के कई राज मेरे पास, नहीं होने दूंगी उनकी दूसरी शादी”

