सोहराब आलम, मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के विभिन्न प्रखंडों में आज मंगलवार (2 जून) को सीएम सम्राट चौधरी की पहल पर आयोजित सहयोग शिविर में जिले के प्रभारी मंत्री एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार शामिल हुए। इस दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने शिविर में पहुंचे आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
मंत्री ने खुद सुनी लोगों की समस्याएं
सहयोग शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आम नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किए। मंत्री श्रवण कुमार ने स्वयं कई आवेदकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। शिविर के दौरान कई मामलों का तत्काल निष्पादन भी किया गया, जिससे लोगों में संतोष देखा गया।
280 मामलों का हुआ निष्पादन
इस दौरान मीडिया से बातचीत के दौरान मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि सहयोग शिविर में कुल 320 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 280 मामलों का निष्पादन कर दिया गया है, जबकि लगभग 40 मामले ऐसे हैं, जो तकनीकी अथवा प्रशासनिक दृष्टि से जटिल हैं। इन मामलों के समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और किसी भी व्यक्ति की शिकायत को अनदेखा नहीं किया जाएगा। जो मामले जिला स्तर पर हल नहीं हो सकते हैं, उन्हें राज्य स्तर पर भेजा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर मुख्यमंत्री कार्यालय के माध्यम से भी समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।
जनता को न्याय दिलाना सरकार की मंशा
श्रवण कुमार ने कहा कि, सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। सरकार चाहती है कि हर जरूरतमंद व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और उसकी शिकायतों का समयबद्ध निपटारा हो।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लंबित मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर शेष आवेदनों का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करें। सरकार की मंशा है कि जनता को न्याय मिले और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान हो। सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- बिहार MLC चुनाव: अख्तरुल ईमान ने 1 सीट की मांग कर बढ़ाई तेजस्वी की टेंशन, बोलें- रिश्ता रखना हैं, तो

