Bihar News: दिल्ली पुलिस द्वारा बिहार के युवक की गोली मारकर हत्या का मामला तुल पकड़ लिया है। दरअसल भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव ने सोशल मीडिया पर एक के बाद एक पोस्ट कर पीएम मोदी और दिल्ली पुलिस पर सवाल उठाया है।

सब लीपापोती में लग जाएंगे- खेसारी

खेसारी लाल यादव ने घटना को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा- ये हाल हैं देश की राजधानी का जहां बिहारी एक दिन का ही हड़ताल कर दे तो एक इंच घुसकना मुश्किल हो जाएगा। दिल्ली में हर सांसद, विधायक बिना बिहारी वोटर के सपोर्ट के जीत ही नहीं सकता और इस मुद्दे पर सबकी बोलती बंद है। अब सब लीपापोती में लग जाएंगे ताकि ये मुद्दा दब जाए।

उन्होंने कहा कि, ऐसे विकास का आचार लगाइएगा, जहां इतना भेदभाव हो। फ़ोकसबाज़ी और रीलबाज़ी वाला नशा फैलाने से ये हाल हुआ हैं। हमारे देश में भर दिन बस नैरेटिव का विकास होता हैं। इतना नफरत बो दिया गया हैं समाज में की हम एक दूसरे का जान क्षेत्र के आधार पर ले रहे हैं। थू है।

पीएम मोदी पर साधा निशाना

वहीं, अपने एक अन्य पोस्ट में खेसारी लाल यादव ने बिना नाम लिए पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि, माफ कर दो भाई। दिल्ली में ऐसा घटना हुआ फिर भी आपका माइंड नहीं खुला। इसलिए हे महोदय आप जिस नशा में हैं, उसका इलाज पाद के महक से भी नहीं उतरने वाला। आप झाल बजाइये और झालमुड़ी का आनंद लीजिए।

जानें क्या है पूरा मामला?

दरअसल पूरा मामला बीते रविवार (26 अप्रैल) का बताया जा रहा है, जहां दिल्ली के जाफरपुर कलां इलाके में एक पुलिसकर्मी (नीरज बलहारा) पर आरोप है कि उसने जातिसूचक गालियां देने के बाद बिहार के रहने वाले 21 साल के पांडव कुमार पर गोली चला दी। इस घटना में पांडव कुमार की मौत हो गई। वहीं, बाइक पर पीछे बैठा उसका दोस्त कृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गया।

कहासुनी के बाद चलाई गोली

घटना के बारे में बताया जा रहा है कि देर रात करीब ढाई बजे पांडव और उसका दोस्त सड़क किनारे खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। उसी समय वहां मौजूद दिल्ली पुलिस का कांस्टेबल नीरज बलहारा वहां पहुंचा और उनकी मौजूदगी को लेकर सवाल करने लगा। इस दौरान पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई और फिर अचानक उसने गोली चला दी। गोली चलाने के बाद वह मौके से भाग गया।

दोस्त के घर जन्मदिन पार्टी में गया था युवक

घटना से पहले दोनों युवक एक दोस्त के घर जन्मदिन की पार्टी में गए थे। पार्टी खत्म होने के बाद वे बाहर खड़े होकर बात कर रहे थे, तभी यह विवाद हुआ। पुलिस का कहना है कि बहस के दौरान आरोपी ने बेहद करीब से पांडव के सीने पर गोली चला दी, जो आर-पार निकल गई और पीछे बैठे कृष्ण को भी जा लगी। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांडव को मृत घोषित कर दिया, जबकि कृष्ण का इलाज जारी है।

बिहारी हो, यहां से चले जाओ कहकर मारी गोली

घटना के चश्मदीद रूपेश कुमार ने बताया कि पार्टी उनके बेटे के जन्मदिन की थी, जिसमें करीब 10 लोग शामिल हुए थे। कुछ लोग लौट चुके थे, तभी आरोपी वहां आया और सवाल करने लगा। उन्होंने बताया कि आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और ‘तुम बिहारी हो, यहां से चले जाओ’ जैसे अपशब्द कहे। रूपेश ने बताया कि, जब उन्होंने उसे समझाने की कोशिश की तो उसने अचानक बंदूक निकाल ली। वहां मौजूद लोग डरकर दूर हटने लगे, लेकिन वह लगातार गालियां देता रहा और फिर गोली चला दी।

मां को बॉडी तक नहीं देखने दी गई

मृतक पांडव कुमार का परिवार दिल्ली में ही रहता है। घटना के बाद उसके परिवार वाले जाफरपुर कलां थाने पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। मृतक की मां ने आरोप लगाया की जैसे ही उसे पता चला की हम बिहार से हैं, उसने गोली चला दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें उनके बेटे की बॉडी तक नहीं देखने दी गई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना को लेकर पुलिस का कहना है कि, आरोपी को उसी दिन देर शाम रोहतक के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सूत्रों का कहना है कि नीरज स्पेशल सेल में तैनात है, हालांकि वह हेड कांस्टेबल है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: पहले बैंगन के लिए महिला की हत्या, अब कटहल चोरी के आरोप में युवक पर चाकू से हमला