Automobile Desk: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में परिवार के अनुकूल गाड़ियों की बढ़ती मांग के बीच दिग्गज कार निर्माता कंपनी किआ (Kia) ने अपने दो लोकप्रिय मॉडल्स Carens और Carens Clavis को CNG अवतार में पेश कर दिया है। पेट्रोल और डीजल के लगातार बदलते दामों के बीच लंबे समय से ग्राहक इसके सीएनजी विकल्प का इंतजार कर रहे थे। किआ ने Carens CNG को 12.12 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर बाजार में उतारा है, वहीं Carens Clavis CNG की कीमत 12.39 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है।

कंपनी ने दोनों गाड़ियों में वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग रणनीति अपनाई है। किआ कैरेंस में सीएनजी का विकल्प ग्राहकों को केवल इसके प्रीमियम (O) ट्रिम में ही मिलेगा। दूसरी तरफ, कैरेंस क्लेविस में कंपनी ने इसे ज्यादा बजट-फ्रेंडली बनाने की कोशिश की है और इसे निचले-स्पेक वाले HTE और HTE (O) ट्रिम्स में ऑफर किया है। इसका मतलब यह है कि जो ग्राहक कम कीमत में सीएनजी का फायदा उठाना चाहते हैं, उनके लिए क्लेविस का विकल्प ज्यादा बेहतर साबित हो सकता है।
इंजन और परफॉर्मेंस की बात करें तो दोनों गाड़ियों के सीएनजी वेरिएंट में 1.5-लीटर क्षमता वाला नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन सीएनजी मोड पर 96hp की अधिकतम पावर और 123Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। अगर इसकी तुलना नियमित पेट्रोल मॉडल से करें, तो सीएनजी मोड में पावर में लगभग 19hp और टॉर्क में 21Nm की कमी दर्ज की गई है, जो कि सीएनजी गाड़ियों में सामान्य बात है। ट्रांसमिशन के मामले में यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ आता है। हालांकि, जो ग्राहक पेट्रोल वेरिएंट चुनते हैं, उन्हें क्लचलेस मैनुअल (iMT) और डुअल-क्लच ऑटोमैटिक (DCT) जैसे आधुनिक गियरबॉक्स का विकल्प भी मिलता रहेगा।
हालांकि कंपनी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इन दोनों मॉडल्स के माइलेज के आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए हैं, लेकिन ऑटो एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह 22 से 25 किलोमीटर प्रति किलोग्राम तक का माइलेज देने में सक्षम होंगी।
फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी किट आने की वजह से गाड़ी के बूट स्पेस में कुछ बदलाव देखने को मिला है। कंपनी ने सीएनजी सिलेंडर को बूट फ्लोर के ठीक नीचे सेट किया है। इस बदलाव के कारण पहले मिलने वाला 216 लीटर का बूट स्पेस अब सिमटकर 116 लीटर रह गया है। हालांकि, स्पेयर व्हील की जगह में कोई बदलाव नहीं किया गया है और यह पहले की तरह ही गाड़ी के नीचे की तरफ ही माउंटेड रहेगा।
अतिरिक्त वजन को संतुलित करने के लिए किआ के इंजीनियरों ने गाड़ी के मैकेनिकल सेटअप पर काफी काम किया है। सीएनजी टैंक और उससे जुड़े पुर्जों के एक्स्ट्रा वेट को संभालने के लिए सस्पेंशन सिस्टम को दोबारा ट्यून किया गया है। साथ ही, ब्रेकिंग को ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए फ्रंट डिस्क ब्रेक को भी अपग्रेड किया गया है। ड्राइविंग के दौरान पावर की कमी महसूस न हो, इसके लिए इंजन को सीएनजी फ्यूल के हिसाब से री-कैलिब्रेट किया गया है। फीचर्स, केबिन लेआउट और डिजाइन के मामले में सीएनजी वेरिएंट्स अपने स्टैंडर्ड पेट्रोल मॉडल जैसे ही हैं।



