गुरुग्राम। दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर रविवार की सुबह एक बार फिर रफ्तार के शौकीनों की गुंडागर्दी देखने को मिली। नेशनल हाईवे नंबर 48 पर एंबियंस मॉल के ठीक पहले बीच सड़क पर बाइक राइडर्स के दो गुट आपस में भिड़ गए। उनके बीच जमकर लात-घूंसे चले, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है। इस वीडियो पर प्रिंस संधू नाम के एक राइडर ने कमेंट कर लिखा है कि वह उस वक्त अकेला था और साथ में एक लड़की थी, इसलिए उसने पंगा नहीं लिया, लेकिन वह सबका हिसाब बराबर करेगा।
लड़की के सामने युवक को सड़क पर घेरा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक प्रिंस संधू अपनी एक महिला दोस्त के साथ बाइक से दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर की तरफ जा रहा था। तभी एंबियंस मॉल के पास उसकी कुछ अन्य बाइक सवारों से किसी बात पर बहस हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि तीन-चार लड़कों ने प्रिंस को सड़क के बीचोबीच घेर लिया और पीटना शुरू कर दिया। प्रिंस के साथ मौजूद लड़की लगातार हमलावरों के आगे हाथ जोड़ती रही, चिल्लाती रही और बीच-बचाव करती रही, लेकिन युवकों ने उसकी एक न सुनी। वे सरेआम गुंडागर्दी करते रहे।
ट्रैफिक पुलिसवाले ने बचाई जान
हाईवे के बीच चल रहे इस तमाशे के कारण गाड़ियों के पहिए थम गए और लंबा जाम लग गया। हंगामा बढ़ता देख वहां तैनात एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर दौड़ा। पुलिसवाले ने पूरी मुस्तैदी दिखाते हुए हमलावर युवकों को पीछे धकेला और दोनों पक्षों को अलग किया। पुलिस के दखल के बाद ही मामला शांत हो पाया और हमलावर बाइकर्स अपनी गाड़ियां लेकर वहां से भाग निकले। इस पूरी घटना का वहीं मौजूद किसी शख्स ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया (social media) पर डाल दिया।
रविवार सुबह स्टंटबाजों का अड्डा बनता है हाईवे
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर (NCR) के बाइक राइडर्स के लिए यह पूरा इलाका एक ब्लैक स्पॉट (यानी ऐसा खतरनाक एक्सीडेंट प्रोन एरिया जहां सबसे ज्यादा हादसे होते हैं) बन चुका है। हर रविवार की सुबह यहां सैकड़ों की संख्या में रईसजादे महंगी और तेज आवाज वाली स्पोर्ट्स बाइक लेकर जुटते हैं। वीकेंड पर यहां सरेआम स्टंटबाजी और रेसिंग होती है, जिससे आम राहगीरों की जान हमेशा खतरे में रहती है। हालांकि इस मारपीट को लेकर अभी तक किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन गुरुग्राम पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर हुड़दंगियों की पहचान करने में जुट गई है।

