थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के एक स्कूल में आठवीं क्लास के एक स्टूडेंट ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें तीन टीचर्स सहित आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य लोग घायल हो गए। घटना राजधानी बैंकाक से 20 किलोमीटर दूर प्रांत के बैंग क्रुआई जिले में घटी है। हमलावर आरोपी स्कूल का छात्र है, जिसने बाद में खुद को गोली मार ली। पुलिस कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल डेचरापी कोंगडी ने बताया कि मृतकों में 3 शिक्षक और 5 छात्र शामिल हैं। पुलिस का मानना ​​है कि गोलीबारी में इस्तेमाल की गई बंदूक छात्र ने परिवार के ही किसी सदस्य से ली थी।

गोलीबारी करने वाला कक्षा 8 का छात्र

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गोलीबारी करने वाला कक्षा 8 का छात्र था, जिसकी उम्र 14 साल की थी। उसने गोलीबारी क्यों की, इसका कारण सामने नहीं आया है। आपातकालीन कर्मी ने बताया कि उन्हें स्कूल की ऊपरी मंजिल पर एक पुरुष शिक्षक मृत पड़ा मिला, और दूसरे कमरे में उन्हें एक महिला शिक्षक छाती और बांह में घावों के साथ मिलीं। कई लोगों को सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की गई। कई छात्र भगदड़ में घायल हुए हैं।

स्कूल में क्या हुआ?

अचानक छात्र के अंधाधुंध गोली चलाने से स्कूल में अफरातफरी मच गई; छात्र कैंपस से भागने लगे और घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। स्कूल के बाहर शिक्षक एक-दूसरे को गले लगाते और रोते हुए देखे गए। 18 साल के एक छात्र ने बताया कि शुरू में उसे गोली चलने की आवाज़ पटाखे जैसी लगी। उसने कहा, “शुरू में मुझे नहीं लगा कि यह बंदूक की आवाज़ है। कई बार गोली चली: बैंग-बैंग-बैंग। फिर सन्नाटा छा गया। फिर दोबारा गोली चलने लगी।”

इलाके में हर 7 निवासियों में से एक के पास हथियार

जिले के अधिकारियों ने बताया कि 2025 के शैक्षणिक वर्ष में स्कूल में लगभग 3,100 छात्र और 147 शिक्षक नामांकित थे। थाईलैंड में इस क्षेत्र में बंदूक रखने की दर सबसे अधिक है, जहां अनुमानित तौर पर लगभग एक करोड़ आग्नेयास्त्र प्रचलन में हैं, यानी हर 7 निवासियों पर एक के पास हथियार है। घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में देबसिरिन नोनथाबुरी स्कूल से घायल छात्रों को स्ट्रेचर पर ले जाते देखा गया है।

फरवरी में भी हुई थी स्कूल में गोलीबारी

इससे पहले, फरवरी में दक्षिणी थाईलैंड के हाट याई जिले में एक बंदूकधारी ने स्कूल पर गोलीबारी की थी, जिसमें प्रधानाचार्य की मौत हो गई और 2 छात्र घायल हुए थे। बाद में किशोर शूटर गिरफ्तार कर लिया गया। 2022 में, बंदूक और चाकू से लैस एक पूर्व पुलिसकर्मी ने एक नर्सरी में घुसकर 24 बच्चों और 12 वयस्कों की हत्या कर दी, जो थाईलैंड के सबसे घातक नरसंहारों में से एक है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m