अनिल शर्मा ,बराड़ा। गांव अब्दुल्लागढ़ में महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी किरण बाला की अध्यक्षता में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में किरण बाला ने योजना की जानकारी देते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य घटते लिंग अनुपात को सुधारना, कन्या भ्रूण हत्या को रोकना और बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि आज के समय में लड़का और लड़की दोनों समान हैं, इसलिए किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होना चाहिए और लड़कियों को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि लड़कियां आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और कई मामलों में लड़कों से बेहतर परिणाम दे रही हैं। एक शिक्षित बेटी न केवल एक परिवार बल्कि दो परिवारों को शिक्षित करने में योगदान देती है।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में सर्कल सुपरवाइजर संयोगिता रानी, स्कूल शिक्षक सुरेंद्र मोहन, महिला पंच रेशमी देवी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और स्थानीय महिलाएं उपस्थित रहीं।

